छत्तीसगढ़

स्वातंत्र्य संघर्ष में अविस्मरणीय योगदान- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामकृष्ण तिवारी के बलिदान दिवस पर विशेष

455291120261616181002257549.jpg

- असहयोग आंदोलन, जंगल सत्याग्रह और सेवादल के जरिए ग्राम्यांचल तक जगाई आजादी की अलख
रायपुर
। भारत के स्वातंत्र्य संघर्ष में छत्तीसगढ़ के अनेक वीरों और सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्हीं समर्पित सेनानियों में रायपुर के रामकृष्ण तिवारी का योगदान ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहा है। मूलतः बीकानेर से आकर छत्तीसगढ़ में बसे तिवारी परिवार के रामकृष्ण तिवारी महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन से प्रेरित होकर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे।
-आंदोलन और ग्राम्यांचल में जन-जागरण
       तिवारी जी रायपुर अंचल में सक्रिय सेवादल से जुड़े और उन्होंने साथियों के साथ मिलकर अंग्रेजों की अन्यायपूर्ण नीतियों का विरोध करने के लिए समिति गठित की। वे महंत लक्ष्मी नारायण दास, यति यतन लाल, पं. रविशंकर शुक्ल, ठाकुर प्यारेलाल सिंह, वामनराव लाखे, शिवदास डागा और डॉ. खूबचंद बघेल जैसे प्रमुख सेनानियों के सान्निध्य में कार्य करते रहे। 26 जनवरी 1930 को उन्होंने साथियों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाकर तिरंगा फहराया। 3 फरवरी 1930 को पं. रविशंकर शुक्ल के निवास पर हुई बैठक में उन्होंने दांडी यात्रा की जानकारी साझा की और रायपुर में आंदोलन की गूंज पहुंचाने के कार्यों में सक्रिय रहे। नयापारा विद्यालय में सत्याग्रह आश्रम और उद्योग मंदिर की स्थापना कर सत्याग्रहियों को प्रशिक्षित किया गया तथा स्वदेशी का प्रचार किया गया।
      खरोरा और गनियारी सहित आसपास के गांवों में जाकर उन्होंने अध्यापन व जनसंपर्क के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा। पैदल और बैलगाड़ी से दुर्गम रास्तों व हर मौसम की परवाह किए बिना वे गांव-गांव घूमते रहे। चना, मुर्रा और चिवड़ा खाकर दिन गुजारने वाले तिवारी जी महासमुंद अंचल में भी यति यतन लाल जी के साथ यात्राओं में सहभागी रहे।
-साहित्य, संगीत और त्याग की मिसाल
      तिवारी जी ने परिवार से ऊपर राष्ट्रसेवा को रखा। विदेशी वस्त्रों की होली में उन्होंने शादी के लिए रखी नई साड़ियां तक समर्पित कर दीं। वे साहित्य और संगीत के भी साधक थे। स्वयं भक्तिभाव से गायन करते थे और यही गुण उनके पुत्र, लोकजीवन के कवि गोपालकृष्ण तिवारी में भी आए, जो आगे चलकर कोलकाता में लोकप्रिय हुए। 1937 में सप्रे विद्यालय परिसर में सेवादल के बालक से लेकर वयोवृद्ध सेनानियों के समूह चित्र में भी उनकी सक्रियता के संदर्भ दर्ज हैं।
-आजीवन संघर्ष और बलिदान
      नवंबर 1933 में महात्मा गांधी के रायपुर प्रवास के दौरान वे शुक्ल भवन (गांधी चबूतरा), सदर बाजार, सप्रे विद्यालय, मोतीबाग और गांधी चौक में गांधी जी के कार्यों के साक्षी बने। आजादी की सुबह गांधी चौक पर वामनराव लाखे द्वारा ध्वजारोहण के समय पूरे रायपुर में उत्सव और सद्भावना का माहौल रहा। 1930 से 1947 तक निरंतर आंदोलन में सक्रिय रहे रामकृष्ण तिवारी पुलिस की यातनाओं और मार के कारण भीतर से टूट चुके थे तथा उनके पेट में घाव हो गया था। अंततः 30 नवंबर 1948 को इस राष्ट्रभक्त ने प्राण त्याग दिए और उनका अंतिम संस्कार सार्वजनिक सम्मान के साथ किया गया।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.