-29 नवंबर से 5 दिसंबर तक बैगापारा मिनी स्टेडियम में होगा कथा का आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था
दुर्ग। बैगापारा स्थित मिनी स्टेडियम में 29 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली पंडित श्री युवराज पाण्डेय की श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कथा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने रूट मैप और पार्किंग प्लान जारी किया है। वहीं, आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए सभी निर्धारित मार्गों पर नि:शुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। चंडी मंदिर एवं कंकालिन मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पटेल बड़ी, बैगापारा में रहेगी। पटेल चौक, बस स्टैंड एवं मान होटल की ओर से आने वाले वाहन शिव चंद्राकर, खान बाड़ी तथा कशेर बाड़ी, शिक्षक नगर में पार्क किए जाएंगे। शंकर नगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हरना बांधा मुक्तिधाम के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसी तरह कथा स्थल के समीप दोपहिया वाहनों के लिए चंद्राकर ट्रेडर्स एवं पानी टंकी के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। वीआईपी वाहनों की पार्किंग तिलक स्कूल एवं उसके सामने रहेगी।
-कंकालिन मंदिर और मान होटल की ओर से रहेगा वन-वे
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कंकालिन मंदिर से कथा स्थल तथा मान होटल से कथा स्थल तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं, कथा समाप्त होने के समय पार्किंग स्थलों से निकलने वाले सभी वाहनों को शंकर नगर, गिरधारी नगर एवं गया नगर की ओर से बाहर निकाला जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।
-यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से की अपील
यातायात पुलिस ने कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट एवं पार्किंग प्लान के अनुसार ही आवागमन करने की अपील की है। वाहन चालकों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने तथा मुख्य मार्गों पर वाहन पार्क कर यातायात बाधित नहीं करने कहा गया है। साथ ही यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने और सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कथा में आने से पहले जारी रूट एवं पार्किंग प्लान का अवलोकन करने का आग्रह किया है, जिससे सात दिवसीय कथा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.