.jpeg)
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने पर ललित चंद्राकर का शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश ओबीसी मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मान समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया। इस दौरान पुष्पमालाओं, शाल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पूरे प्रदेश कार्यालय परिसर में उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, कुशाभाऊ ठाकरे एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात गणेश महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया।
समारोह में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने ललित चंद्राकर का आत्मीय स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने लड्डुओं से तौलकर उनके प्रति अपना स्नेह और उत्साह प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर ललित चंद्राकर ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह, विश्वास और अपनापन उनके लिए अनमोल है। कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ लड्डुओं से तौलकर सम्मान दिया है, वह उन्हें जीवनभर याद रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। ओबीसी समाज के हितों, अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे।
चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में ओबीसी मोर्चा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडे, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य खम्हन ताम्रकार, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर एवं अशोक सिन्हा, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संतानु साहू सहित प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.