-पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए कई लोगों को बनाया निशाना, ग्राम अरसी की जमीन के दस्तावेजों में की गई कूटरचना
दुर्ग। एक ही जमीन का अलग-अलग लोगों से सौदा कर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार करने और पावर ऑफ अटॉर्नी के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में बोरी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ग्राम अरसी स्थित एक ही जमीन के संबंध में अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई थी। इस मामले में प्रार्थी से जमीन का सौदा तीन लाख रुपये में तय कर ऑनलाइन, बैंक खाते और नगद के माध्यम से रकम भी प्राप्त की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बोरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086, प्रत्येक का रकबा 0.16 हेक्टेयर, कुल 0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा दीपक देशलहरे (36 वर्ष), निवासी ग्राम अरसी के साथ तीन लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे के अनुसार प्रार्थी ने आरोपी को ऑनलाइन, बैंक खाते एवं नगद के माध्यम से पूरी राशि दी थी।
आरोपी ने जमीन के दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहते हुए उन्हें सुधारने और जल्द रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। इसी दौरान उसने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी भी प्रदान कर दी, जिसके आधार पर प्रार्थी स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करा सकता था। हालांकि, करीब 11 माह बाद प्रार्थी को पता चला कि आरोपी ने उसी जमीन के संबंध में अन्य व्यक्ति के नाम पर भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा दी है।
इसके बाद प्रार्थी ने तहसील कार्यालय से जानकारी प्राप्त की, जहां जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया में कई व्यक्तियों द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किए जाने की बात सामने आई। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने एक ही जमीन के संबंध में अलग-अलग लोगों के साथ सौदे कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले में आरोपी के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक देशलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध में संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
-ऐसे करता था धोखाधड़ी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक ही जमीन के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर लोगों को जमीन बेचने का झांसा देता था। दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर लोगों से रकम वसूलता था। इसके बाद उसी जमीन के लिए अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी जारी कर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराता था। इस तरह एक ही जमीन को लेकर कई लोगों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी की गई।
-इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बोरी के सउनि तानसिंह सोनवानी, आरक्षक ऋषि बंछोर (487), संजीव सोनी (112), जितेन्द्र धीवर (707) एवं प्रशांत साहू (1120) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले मूल दस्तावेज, ऋण पुस्तिका, खसरा, बी-1, नामांतरण की स्थिति और वास्तविक स्वामित्व का राजस्व विभाग से विधिवत सत्यापन अवश्य कराएं। केवल पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन का सौदा करने से पहले सभी कानूनी पहलुओं की जांच करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.