-इस बार रिसाली नगर निगम चुनाव में भाजपा रचेगी जीत का नया इतिहास : सुरेंद्र कौशिक
-ललित चंद्राकर और चुनाव सह प्रभारी आशु चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, वार्डवार रणनीति पर हुआ मंथन

दुर्ग। आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की बैठक के पश्चात दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में वार्ड प्रभारी एवं सह प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव सह प्रभारी आशु चंद्रवंशी एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और वार्डवार चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मंडल प्रभारी शिवेंद्र परिहार, दिनेश देवांगन, जनपद पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू, मंडल भाजपा अध्यक्ष अनुपम साहू एवं राजू जंघेल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में चुनाव संचालन की रूपरेखा तैयार करने के साथ वार्डवार संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और चुनावी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही सभी वार्ड प्रभारियों एवं सह प्रभारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय होकर कार्य करने तथा निर्धारित समय सीमा में संगठनात्मक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि यहां उपस्थित सभी कार्यकर्ता चुनाव लड़ने और चुनाव लड़वाने का व्यापक अनुभव रखते हैं। सभी के कुशल नेतृत्व, समर्पण और परिश्रम से इस बार रिसाली नगर निगम चुनाव में जीत का ऐसा नया इतिहास रचना है, जो पहले कभी नहीं बना हो। उन्होंने कहा कि सभी वार्ड प्रभारी एवं सह प्रभारी अभी से अपने-अपने वार्डों में सक्रिय होकर चुनावी गतिविधियों को गति दें। आचार संहिता लागू होने से पहले संगठन के प्रमुख कार्यों को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है।
श्री कौशिक ने कहा कि दुर्ग जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में अपनी संगठनात्मक क्षमता और परिश्रम का परिचय दिया है। इसी अनुभव और सामूहिक शक्ति के साथ इस बार भी सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ऐतिहासिक परिणाम हासिल करने के लिए जुटना होगा।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। पार्टी का मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचें तथा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से भाजपा रिसाली में विजय का परचम लहराएगी।
वहीं चुनाव सह प्रभारी आशु चंद्रवंशी ने कहा कि चुनाव में सफलता प्राप्त करने के लिए बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक तैयारी और वार्डवार प्रभावी रणनीति आवश्यक है। प्रत्येक प्रभारी एवं सह प्रभारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप चुनावी तैयारियों को गति दें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास और संगठन की मजबूती से भाजपा रिसाली नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी वार्ड प्रभारियों एवं सह प्रभारियों ने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा रिसाली नगर निगम चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.