ब्रेकिंग

बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण बन रहा है : नितिन नवीन

557151120261249101002187659.jpg

-धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
-जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
-किसानों को बड़ी राहत, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि; प्रदेश में 3100 केंद्रों पर धान खरीदी शुरू

Image after paragraph

 

Image after paragraph

रायगढ़/धरमजयगढ़ । धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह में शामिल होकर जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और बलिदान को नमन किया।
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रतिकूल मौसम के कारण समारोह में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
श्री नवीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की धरती है। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक जैसे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष देश के इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जनजातीय समाज भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की उनकी परंपरा पूरी मानवता के लिए अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

Image after paragraph


-बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, शिक्षा, खेल और विकास : नितिन नवीन
बस्तर में बदलते हालात का उल्लेख करते हुए श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलता मिल रही है। उन्होंने सुरक्षाबलों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। बच्चे और युवा शिक्षा, खेल तथा कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं के हाथों में बंदूक की जगह खेल का सामान और हिंसा की जगह नई उम्मीदें देने का काम किया है। जब बंदूक की जगह खेल का मैदान, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास लेता है, तब विकास को कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दी। वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट तथा लगभग 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की। प्रदेश के 75 एकलव्य विद्यालय जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
-जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समुदाय के लोगों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी श्रवण किया और प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर सम्मानित किया। इसके साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर पारंपरिक उत्पादों, जनजातीय कला और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की गई। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय जननायकों को जन्म दिया, जिन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी से अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने की अपील भी की।


-6,691 गांवों तक पहुंच रहीं विकास की सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना के तहत महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया था। आज प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 33 किस्तों के माध्यम से अब तक लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा एवं देवगुड़ी विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
-बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों तथा सुरक्षाबलों के अदम्य साहस से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी प्रारंभ की गई है।
-किसानों को बड़ी राहत, कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि
समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों में भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास की प्रतिबद्धता को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.