-जाति जनगणना में वैज्ञानिक कोड व मानकीकृत जाति सूची बनाने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
दुर्ग। दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा जाति जनगणना को वैज्ञानिक, प्रमाणिक, पारदर्शी एवं नीति निर्माण के लिए उपयोगी बनाने की मांग को लेकर जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनगणना प्रपत्र में OBC वर्ग के लिए अलग एवं स्पष्ट कॉलम निर्धारित करने के साथ ही प्रत्येक जाति की प्रमाणिक गणना, मानकीकृत जाति सूची, प्रत्येक जाति एवं समुदाय के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड तथा वैज्ञानिक वर्गीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अन्य पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष केशव चंद्राकर के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि भारत की सामाजिक संरचना अत्यंत विविध है। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में एक ही जाति या समुदाय के अलग-अलग स्थानीय नाम, उच्चारण एवं वर्तनी प्रचलित हैं। ऐसे में एक समान और वैज्ञानिक व्यवस्था के अभाव में जातिगत आंकड़ों में भ्रम, दोहराव एवं विसंगतियां उत्पन्न होने की संभावना बनी रहती है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने मांग की कि जाति जनगणना के लिए देशभर में एक समान, स्पष्ट एवं अद्यतन मानकीकृत जाति सूची तैयार की जाए। प्रत्येक जाति एवं समुदाय को विशिष्ट वैज्ञानिक कोड प्रदान किया जाए, ताकि अलग-अलग नामों से दर्ज होने वाली समान जातियों की पहचान स्पष्ट हो सके और प्राप्त आंकड़ों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके।
जिला कांग्रेस कमेटी अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष शिशिर कांत कसार ने OBC वर्ग की गणना को स्पष्ट एवं व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होने पर ही सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। इससे जरूरत के अनुरूप योजनाओं और नीतियों के निर्माण में आंकड़ों का प्रभावी उपयोग संभव होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि जाति जनगणना केवल संख्या गिनने की प्रक्रिया न होकर देश की सामाजिक वास्तविकताओं को समझने का वैज्ञानिक आधार बननी चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक, स्पष्ट मानकों और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाना आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने एक ही जाति के विभिन्न क्षेत्रीय एवं पर्यायवाची नामों को वैज्ञानिक तरीके से मैप करने की मांग भी रखी, ताकि एक ही समुदाय की अलग-अलग नामों से पुनरावृत्ति न हो। साथ ही जातियों के वर्गीकरण में विशेषज्ञों की सलाह और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि सही आंकड़े ही प्रभावी नीति निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। इसलिए जाति जनगणना की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे प्राप्त आंकड़े भविष्य में सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में विश्वसनीय आधार बन सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, वरिष्ठ नेता राजेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, अल्ताफ अहमद, मुकेश साहू, बिजेन्द्र भारद्वाज, केशव सिन्हा, मोहित वाल्दे, अशोक मेहरा, सुनीत घोष, राजकुमार साहू, चिराग शर्मा, आयुष शर्मा, हिमांशु शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.