
दुर्ग। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 24 सितंबर को दुर्ग पुलिस ने जिले के 159 उद्यान, पार्क एवं मैदानों में पहुंचकर मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक समूहों के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित उद्यानों, पार्कों एवं मैदानों में पहुंचकर नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया और उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध फोन कॉल एवं लिंक, फर्जी मैसेज, OTP, PIN, पासवर्ड तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने के लिए समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों तथा विभिन्न सामाजिक और नागरिक समूहों को साइबर अपराधों की रोकथाम में व्यक्तिगत सतर्कता के महत्व से अवगत कराया गया। पुलिस ने लोगों से कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और परिचितों को भी जागरूक करें।
-पुलिस की पहल का नागरिकों ने किया स्वागत
साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस कार्यालय और थाना स्तर तक सीमित रहने के बजाय पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सीधे आम नागरिकों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दे रहे हैं। जिलेभर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों एवं विभिन्न समूहों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों के लिए पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध कॉल, लिंक अथवा ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.