-करीब 10 लाख रुपये कीमत के 08 वाहन और वॉशिंग मशीन समेत 09 नग मसरूका बरामद
भिलाई। जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ एवं सहायता का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराने तथा बाद में उन्हें कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांटने वाले दो आरोपियों को स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत के 08 वाहन और 01 वॉशिंग मशीन सहित कुल 09 नग मसरूका बरामद किए हैं। मामले में जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ तथा शेष मसरूका की पतासाजी एवं बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनीष डहेरवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी भिलाई नगर, जिला दुर्ग ने 21 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने छल-कपट एवं धोखाधड़ी करते हुए प्रार्थी तथा उसके परिचितों के नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराकर उन्हें आर्थिक एवं संपत्ति संबंधी नुकसान पहुंचाया।
शिकायत की जांच में धोखाधड़ी के तथ्य सामने आने पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1408/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत की 09 नग मसरूका बरामद की।
जरूरतमंदों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ एवं सहायता का लालच देकर उनके नाम पर वाहन और अन्य सामग्री फाइनेंस कराते थे। फाइनेंस के दौरान आरोपियों द्वारा डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा आगे की ईएमआई भी भरने का भरोसा दिलाया जाता था। इससे संबंधित व्यक्ति आरोपियों के झांसे में आ जाते थे।
इसके बाद आरोपियों द्वारा फाइनेंस कराए गए वाहन एवं अन्य सामग्री को कम कीमत पर दूसरे व्यक्तियों को बेच दिया जाता था। बिक्री से प्राप्त रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। इस तरह आरोपियों द्वारा अपने फायदे के लिए अन्य लोगों के नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी की जाती थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस (28), निवासी कैलाश नगर, जामुल, भिलाई तथा भोजराज राय उर्फ भोजू (26), निवासी सतनाम भवन, मंगल बाजार के पास, कोहका, भिलाई को गिरफ्तार किया है।
09 नग मसरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से 08 नग वाहन तथा 01 नग वॉशिंग मशीन बरामद की है। बरामद कुल 09 नग मसरूका की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री अथवा अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पहले उसके वास्तविक उद्देश्य और भुगतान संबंधी दायित्वों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अपने दस्तावेज एवं वित्तीय जानकारी का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर न करें। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उक्त कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की त्वरित विवेचना, आरोपियों की पतासाजी और मसरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.