-त्योहारी सीजन से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश, पुराने मोटर पंपों की जगह लगेंगे नए पंप
दुर्ग। नगर पालिक निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार ने शुक्रवार को 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित पेयजल आपूर्ति को शीघ्र सामान्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, रंजीता पाटिल, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, राजेन्द्र ढबाले एवं विनोद मांझी मौजूद रहे। महापौर ने फिल्टर प्लांट में आई खराबी और इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावित हो रही पेयजल आपूर्ति की जानकारी अधिकारियों से ली।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के अलग-अलग वार्डों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में आई तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करते हुए पेयजल व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति से जुड़े सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
-पुराने मोटर पंपों की जगह लगेंगे नए पंप
निरीक्षण के दौरान महापौर ने फिल्टर प्लांट में लगे पुराने मोटर पंपों की स्थिति का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुराने और खराब हो चुके मोटर पंपों को चिह्नित कर उनकी जगह नए मोटर पंप लगाए जाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में तकनीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।
महापौर ने कहा कि नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक सभी सुधार कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.