-छात्राओं को आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

दुर्ग। राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्वदेशी जागरण मंच तथा स्वावलंबी भारत अभियान के निर्देशानुसार आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग में ‘उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिला एवं शहर टोली के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार एवं कौशल विकास के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत सह महिला कार्य प्रमुख श्रीमती दिव्या कलिहारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, संस्कार एवं सभ्यता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई के साथ छात्राओं में स्वदेश प्रेम और स्वदेशी की भावना का होना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को स्वरोजगार अपनाने तथा अपने भीतर छिपी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर उसका उन्नयन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अगले सत्र में स्वदेशी जागरण मंच के दुर्ग संभाग संयोजक पोषण साहू ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि पढ़ाई के साथ-साथ कौन-कौन से ऐसे कार्य हैं, जिनके माध्यम से वे आत्मनिर्भर बनने अथवा धनार्जन का प्रयास कर रही हैं। इस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी बातें साझा कीं। कुछ छात्राओं ने बताया कि वे मेहंदी लगाने का कार्य करती हैं, जबकि कुछ छात्राओं ने अपने परिवार के पैतृक व्यवसाय में हाथ बंटाकर सहयोग करने की जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि छोटे स्तर से शुरू किए गए कौशल आधारित कार्य भी भविष्य में स्वरोजगार और उद्यमिता का मजबूत आधार बन सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर दुर्ग नगर संयोजक ललित सेन ने शाला प्रबंधन, प्राचार्य एवं उपस्थित छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं में आत्मविश्वास, कौशल एवं उद्यमिता की भावना विकसित करना स्वावलंबी भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के जिला सह संयोजक मोहन बागुल एवं स्वावलंबी भारत अभियान के जिला प्रशिक्षक सुमन मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.