होम / दुर्ग-भिलाई / रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट ने मनाया 17वां स्थापना दिवस, 11 दिव्यांग हितग्राहियों को वितरित की ट्राईसाइकिल
दुर्ग-भिलाई
-नयनदीप विद्या मंदिर में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए किए जा रहे सेवाकार्य को अतिथियों ने बताया अनुकरणीय, समाज कल्याण विभाग ने हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
भिलाई। रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट भिलाई का 17वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में रोटरी भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हर्ष कुमार, एडिशनल कमिश्नर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखंड प्रताप सिंह गौतम, डिप्टी डायरेक्टर, समाज कल्याण विभाग दुर्ग उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जरूरतमंद हितग्राहियों को 11 ट्राईसाइकिल वितरित की गईं।
कार्यक्रम में रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन एमसी जैन, अध्यक्ष सीएस बाजवा, सचिव ज्ञानचंद जैन एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती सुमन कन्नौजे के साथ रोटरी क्लब ऑफ भिलाई स्टील सिटी के अध्यक्ष संतोष राय एवं सचिव पीएस बिंद्रा मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। ट्रस्ट के सचिव ज्ञानचंद जैन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, जबकि अध्यक्ष सीएस बाजवा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से प्राप्त 11 ट्राईसाइकिल पंजीकृत जरूरतमंद हितग्राहियों को वितरित कीं। साथ ही ट्रस्ट द्वारा संचालित नयनदीप विद्या मंदिर की गतिविधियों और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए किए जा रहे सेवाकार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ट्रस्ट के चेयरमैन एमसी जैन ने अंतरराष्ट्रीय रोटरी की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि हर्ष कुमार ने संस्था के 17 वर्ष पूर्ण होने पर केक काटकर सदस्यों को बधाई दी और उनके सेवाकार्यों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में संस्था के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि अखंड प्रताप सिंह गौतम ने अपने उद्बोधन में नयनदीप विद्या मंदिर को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संचालित नि:शुल्क आवासीय विद्यालय बताते हुए कहा कि रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य अपने आप में अनूठा है। दृष्टिबाधित बच्चों को शिक्षा, आवास और बेहतर भविष्य देने के लिए संस्था जिस समर्पण से कार्य कर रही है, वह समाज को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने अध्यक्ष सीएस बाजवा के विचारों से सहमति जताते हुए कहा कि विद्यालय को समाज कल्याण विभाग की ओर से जब भी जिस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, विभाग हरसंभव मदद करेगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि हर्ष कुमार एवं विशिष्ट अतिथि अखंड प्रताप सिंह गौतम को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष श्रीमती सुमन कन्नौजे ने किया। समारोह के पूर्व रोटरी क्लब एवं ट्रस्ट के सदस्यों ने रोटरी पूजा एवं हवन कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। नयनदीप विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने एकल गीतों एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया। स्थापना दिवस के इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में रोटरी ट्रस्ट के सदस्य पीसी लालवानी, आर. शंकर, मूलचंद लुनिया (दुर्ग), सुरेश रतनानी, प्रदीप बाकलीवाल, अशोक पहाड़िया, श्रीमती पुष्पा जैन एवं श्रीमती मीना जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में नयनदीप विद्या मंदिर की प्राचार्या श्वेता महोबिया ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिथियों, समाज प्रमुखों, ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि दृष्टिबाधित बच्चों को सभी का मार्गदर्शन एवं सहयोग निरंतर मिलता रहेगा, ऐसी अपेक्षा है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। समूचा आयोजन ट्रस्ट के अध्यक्ष सीएस बाजवा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.