दुर्ग। नगर निगम प्रशासन दुर्ग द्वारा शहर की स्ट्रीट लाइटों के संधारण और रखरखाव के लिए नई एजेंसी 'मेसर्स वाई.आर. सिंह' को 1.30 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी किए जाने के मामले में दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। डॉ. प्रतीक उमरे ने इसे जनता की गाढ़ी कमाई के दुरुपयोग और प्रशासनिक कुप्रबंधन का खुला नमूना बताया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि निगम प्रशासन अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अब आंकड़ों की बाजीगरी कर रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले में निगम प्रशासन के समक्ष 5 गंभीर सवाल रखे हैं, जिनका जवाब दुर्ग की जनता जानना चाहती है:
-1. 31 अगस्त से नवंबर अंत तक शहर अंधेरे में क्यों रहा और उस दौरान खर्च किस मद से हुआ?
डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि निगम खुद स्वीकार कर रहा है कि पिछली एजेंसी ईएसएल का कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को ही समाप्त हो गया था। आज नवंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा है और कार्यादेश अब जारी हो रहा है। बीच के इन लगभग 90 दिनों में शहर की लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी थी? जब कोई एजेंसी कार्यरत नहीं थी, तो उस दौरान मरम्मत के नाम पर किस मद से और कितना पैसा खर्च किया गया, निगम प्रशासन इसे सार्वजनिक करे।
-2. वित्तीय वर्ष 2026-27 के नाम पर भ्रम: 4 महीने के लिए 1.30 करोड़ या 12 महीने के लिए?
उन्होंने बजट की समय-सीमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के 8 महीने पहले ही बीत चुके हैं और अब केवल 4 महीने (दिसंबर से मार्च) शेष हैं। यदि यह 1.30 करोड़ रुपये का ठेका केवल बचे हुए 4 महीनों के लिए है, तो प्रति माह 32.50 लाख रुपये का खर्च सिर्फ रखरखाव पर करना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की आशंका को जन्म देता है। और यदि यह ठेका आगामी 12 महीनों के लिए है, तो निगम प्रशासन "वित्तीय वर्ष 2026-27" का हवाला देकर जनता को गुमराह क्यों कर रहा है?
-3. 60 वार्ड और महज 13 कर्मचारी—क्या यह अव्यावहारिक गणित जनता के साथ मजाक नहीं?
डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि दुर्ग निगम के 60 वार्डों और मुख्य मार्गों की हजारों स्ट्रीट लाइटों को सुधारने के लिए मात्र 13 कर्मचारियों की टीम तैनात करने की बात कही जा रही है। यानी एक कर्मचारी के हिस्से में लगभग 5 वार्ड आएंगे। विद्युत सुरक्षा मानकों के तहत पोल पर चढ़कर काम करने के लिए कम से कम 2 लोगों (एक टेक्नीशियन और एक हेल्पर) की टीम जरूरी होती है। इस हिसाब से पूरे शहर में केवल 6 टीमें ही बन पाएंगी—यानी 10 वार्डों पर सिर्फ एक टीम। इतने कम मानव संसाधन से "त्वरित सुधार" का दावा पूरी तरह खोखला और अव्यावहारिक है।
-4. 1.30 करोड़ में सिर्फ मरम्मत होगी या नए पोल-लाइट भी लगेंगे? BOQ सार्वजनिक करे निगम
डॉ. प्रतीक उमरे ने मांग की है कि टेंडर की शर्तों को तत्काल सार्वजनिक किया जाए। नगर निगम प्रशासन द्वारा संधारण के साथ-साथ नए ट्यूबलर पोल लगाने की बात भी कही गई है,लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि 1.30 करोड़ रुपये में सिर्फ लेबर चार्ज शामिल है या नई लाइटें,केबल और पोल की लागत भी इसी में है। अक्सर संधारण के ठेकों में बाद में "नए सामान" के नाम पर अलग से करोड़ों के अतिरिक्त बिल पास कराए जाते हैं।
-5. पिछली एजेंसी के हैंडओवर और पेनल्टी का हिसाब कहां है?
डॉ. प्रतीक उमरे ने पूछा कि 31 अगस्त को कार्यकाल खत्म होने के बाद ईएसएल ने शहर की कितनी लाइटें चालू हालत में निगम को सौंपीं और खराब लाइटों के एवज में उस पर कितनी पेनल्टी काटी गई? बिना हैंडओवर ऑडिट के नई एजेंसी 'मेसर्स वाई.आर. सिंह' को काम सौंपना पुरानी एजेंसी की लापरवाही पर पर्दा डालने जैसा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.