होम / दुर्ग-भिलाई / गांधीवादी चिंतक एवं प्रख्यात कानूनविद कनक तिवारी का निधन, संविधान दिवस पर ली अंतिम विदाई
दुर्ग-भिलाई
भिलाई। छत्तीसगढ़ के प्रख्यात गांधीवादी चिंतक, वरिष्ठ कानूनविद, प्रखर वक्ता एवं साहित्यकार कनक तिवारी का गुरुवार सुबह 9 बजे भिलाई स्थित बी.एम. शाह अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश के बौद्धिक, साहित्यिक, राजनीतिक और विधिक जगत में शोक की लहर फैल गई। स्वतंत्र विचारधारा और बेबाक अभिव्यक्ति के लिए पहचाने जाने वाले कनक तिवारी अपने पीछे विचारों और लेखन की समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं।
श्री तिवारी ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत राजनांदगांव के दिग्विजय महाविद्यालय में अंग्रेजी के प्राध्यापक के रूप में की थी। कुछ समय बाद उन्होंने प्राध्यापक की नौकरी छोड़कर वकालत को अपना पेशा बनाया। कानून के क्षेत्र में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। वे पत्रकारिता से भी जुड़े रहे और बाद में राजनीति में प्रवेश कर मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के पद पर भी रहे। संविधान और संवैधानिक मूल्यों पर उनकी गहरी पकड़ थी। वे संविधान के विशेषज्ञ होने के साथ ही एक निर्भीक और प्रखर वक्ता के रूप में जाने जाते थे। कानून, लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी स्पष्ट एवं तार्किक अभिव्यक्ति उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
गांधीवादी विचारधारा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता उनके व्यक्तित्व और लेखन में स्पष्ट दिखाई देती थी। महात्मा गांधी के विचारों पर उन्होंने अनेक व्याख्यान दिए और कई पुस्तकें लिखीं। उनकी लेखनी में गांधी के दर्शन, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक चेतना की गहरी झलक मिलती थी।
संयोगवश 26 नवंबर को देश संविधान दिवस मना रहा है और इसी दिन संविधान के मर्मज्ञ, संवैधानिक मूल्यों के प्रखर व्याख्याकार कनक तिवारी का निधन हो गया। उनका जाना छत्तीसगढ़ के वैचारिक, साहित्यिक और विधिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
अपने स्वतंत्र मिजाज, निर्भीक विचारों, गहन अध्ययन और बेबाक वक्तव्यों के कारण कनक तिवारी हमेशा याद किए जाएंगे। वे भले ही आज हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके विचार, लेखन और गांधीवादी चिंतन आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करते रहेंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.