होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग के सभी 60 वार्डों के आखिरी छोर तक पहुंचेगी रोशनी, स्ट्रीट लाइट संधारण पर खर्च होंगे 1.30 करोड़ रुपये
दुर्ग-भिलाई
-महापौर अलका बाघमार की पहल पर नई एजेंसी को मिला कार्यादेश, 13 कर्मचारियों की टीम करेगी बंद एवं खराब लाइटों का नियमित संधारण
दुर्ग। शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने बड़ी पहल की है। महापौर अलका बाघमार के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2026-27 में शहर की स्ट्रीट लाइटों के संचालन, संधारण एवं रखरखाव के लिए नई एजेंसी मेसर्स वाई.आर. सिंह को कार्यादेश जारी किया जा रहा है। इस व्यवस्था पर नगर निगम द्वारा लगभग 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके माध्यम से शहर के सभी 60 वार्डों के प्रमुख मार्गों, गलियों, मोहल्लों और अंतिम छोर तक बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई एजेंसी को निविदा प्रक्रिया के माध्यम से चयनित किया गया है। एजेंसी द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विद्युत पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों, सायंकालीन टाइमर व्यवस्था तथा विभिन्न वार्डों में बंद एवं खराब पड़ी लाइटों का नियमित संधारण और मरम्मत की जाएगी। इससे स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो सकेगा और नागरिकों को अंधेरे की समस्या से राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में ईएसएल (ESL) एजेंसी द्वारा स्ट्रीट लाइटों के संधारण का कार्य किया जा रहा था, जिसकी कार्य अवधि 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने पहली बार विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाते हुए नई एजेंसी का चयन किया है। नई व्यवस्था के तहत स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी, खराब लाइटों की त्वरित मरम्मत और बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार लगभग 13 कर्मचारियों की टीम शहर के सभी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का काम करेगी। इसके साथ ही जिन चौक-चौराहों और स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है तथा अंधेरे की स्थिति बनी रहती है, वहां आवश्यकता के अनुसार नए ट्यूबलर पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे शहर की गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक रोशनी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
-शहर का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में नहीं रहेगा : महापौर
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि दुर्ग शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट केवल शहर की सुंदरता से जुड़ी व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों और शहर के अंतिम छोर तक पर्याप्त रोशनी पहुंचाने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है।
महापौर ने कहा कि नई एजेंसी के माध्यम से बंद एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को समय पर दुरुस्त कराया जाएगा। संधारण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा प्रयास है कि दुर्ग शहर का कोई भी वार्ड, गली या मोहल्ला अंधेरे में न रहे और नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.