होम / दुर्ग-भिलाई / अरुण वोरा के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, सुबह से देर शाम तक लगा रहा बधाई देने वालों का तांता
दुर्ग-भिलाई
-51 किलो की विशाल पुष्पमाला पहनाकर किया अभिनंदन, ढोल-नगाड़ों और सुआ नृत्य की प्रस्तुति ने बांधा समां


दुर्ग। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा का जन्मदिन 22 नवंबर को उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पद्मनाभपुर स्थित उनके निज निवास पर सुबह से देर शाम तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरे दिन उनका निवास जनमिलन के केंद्र के रूप में गुलजार रहा।
जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता प्रमोद चौबे, धर्मेंद्र यादव एवं दुर्ग की महापौर अलका बाघमार सहित अनेक राजनीतिक हस्तियों ने उनके निवास पहुंचकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, नीता लोधी एवं शिजू एंथोनी, दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष ललित सखेरिया एवं मनोज अग्रवाल, सिख समाज के प्रमुख अरविंदर सिंह खुराना सहित ताम्रकार, पेंशनर्स, मानिकपुरी एवं यादव समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अरुण वोरा को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
जन्मदिन समारोह की खास बात यह रही कि शहर के प्रत्येक वार्ड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने प्रिय नेता को बधाई देने पहुंचे। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, पार्षदों एवं पूर्व पार्षदों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने इस आयोजन को औपचारिक समारोह के बजाय आत्मीय जनमिलन का स्वरूप प्रदान किया। लोगों ने पुष्पगुच्छ, मालाओं और आत्मीय शुभकामनाओं के साथ उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने अरुण वोरा को 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर भव्य अभिनंदन किया। समर्थकों द्वारा विशेष रूप से विशाल रथ भी लाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशी स्वागत, लगातार होती पुष्पवर्षा और पारंपरिक सुआ नृत्य दल की आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। समर्थकों का उत्साह और लोगों का अपार स्नेह पूरे आयोजन का आकर्षण रहा।
सुबह से देर शाम तक लगातार पहुंचते लोगों की भीड़ ने अरुण वोरा के प्रति शहरवासियों के जुड़ाव और उनके लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जनसंपर्क की झलक प्रस्तुत की। विभिन्न वर्गों से मिले इस स्नेह और समर्थन ने जन्मदिन के आयोजन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने सभी आगंतुकों, शुभचिंतकों, कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और अपनापन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। जन्मदिन पर मिले इस अपार प्रेम ने उन्हें अभिभूत किया है। यह स्नेह उन्हें आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दुर्ग की जनता के बीच रहकर जनसेवा के कार्य करते रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.