-एसएसपी विजय अग्रवाल ने क्यूआर कोड स्टिकर लगाकर दिखाई हरी झंडी, एक सप्ताह में जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा होंगे क्यूआर कोड से लैस

दुर्ग। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत जिले में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा में विशेष क्यूआर कोड स्टिकर लगाए जाएंगे तथा चालकों को डिजिटल पहचान पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए जाएंगे। क्यूआर कोड स्कैन करते ही यात्री संबंधित वाहन और चालक की सत्यापित जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देशन में 22 नवंबर 2026 को ई-रिक्शा डिजिटल क्यूआर कोड एवं पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड स्टिकर लगाकर तथा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर जिले में संचालित सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड स्टिकर लगाने के साथ चालकों को पहचान पत्र वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस डिजिटल व्यवस्था के तहत प्रत्येक पंजीकृत ई-रिक्शा को एक विशिष्ट क्यूआर कोड दिया जा रहा है। वाहन में लगे क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर यात्रियों को वाहन और उसके चालक की सत्यापित जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को वाहन एवं चालक की पहचान करने में आसानी होगी। साथ ही किसी शिकायत, संदिग्ध गतिविधि अथवा आपातकालीन स्थिति में पुलिस तक सूचना पहुंचाने और संबंधित वाहन की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस की इस पहल से विशेष रूप से महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। क्यूआर कोड व्यवस्था से ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही बढ़ेगी। इसके माध्यम से आपराधिक घटनाओं की रोकथाम तथा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में भी सहायता मिलेगी। यह कदम तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए हेल्पलाइन स्टिकर भी लगाए
कार्यक्रम के दौरान दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जनसहयोग से प्रभावी बनाने की दिशा में भी पहल की गई। एसएसपी विजय अग्रवाल ने ऑटो एवं ई-रिक्शा में नशे के विरुद्ध सूचना देने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर से संबंधित स्टिकर भी लगवाए। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस पूरी डिजिटल व्यवस्था के तकनीकी संचालन एवं क्रियान्वयन में जनहित आर. फाउंडेशन (JANHIT R. FOUNDATION) की तकनीकी टीम तथा आरोग्यम हॉस्पिटल भिलाई का विशेष सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम में आरोग्यम हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नवीन राम दारूका, जनरल मैनेजर सुमित घोषाल तथा ऑटो एवं ई-रिक्शा संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की यह पहल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी सहायक होगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.