-गांव में ही बिका 3850 क्विंटल मक्का, मंडी से भी ऊंचे मिले दाम

रायपुर। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल अब धरातल पर रंग लाने लगी है। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है, बल्कि उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं। इसी कड़ी में 'बिहान' के तहत गठित 10 एफपीओ किसान उत्पादक संगठन—'लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' बकावंड और 'मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी' दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की है। इस मक्के को बाद में सीधे स्थानीय व्यापारी 'सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड' को विक्रय किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी रही।
किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से गठित इन एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गांव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीदी की जा रही है। इस नई व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ हो रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले भारी-भरकम परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली है। इसके साथ ही, मंडी में अपनी बारी का इंतजार करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले कीमती समय की भी बचत हो रही है। बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से किसानों को अपने गांव की दहलीज पर ही उपज का उचित और ऊंचा मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हो रहा है।
उपज की सफल खरीदी के बाद अब ये कंपनियां भविष्य में किसानों को खेती से जुड़ी 'इनपुट सुविधा' यानी खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीसी के माध्यम से ही सभी किसानों को समय पर, कम लागत और उचित दर पर खाद-बीज मिल सकेगा, जिससे उनकी अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
इस उपलब्धि पर एफपीसी के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकेंगे, बल्कि खेती के लिए जरूरी संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया और आयोजन में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.