होम / दुर्ग-भिलाई / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रिसाली आगमन की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक, विधायक ललित चंद्राकर का हुआ भव्य अभिनंदन
दुर्ग-भिलाई
-ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने पर कार्यकर्ताओं ने गजमाला और पुष्पहार पहनाकर दी बधाई, मुख्यमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प

रिसाली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगामी रिसाली प्रवास की तैयारियों को लेकर विजया भवन रिसाली में रिसाली मंडल एवं मरोदा-पुरैना मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। साथ ही दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए जाने पर दोनों मंडलों के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया।
बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल, स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसंपर्क तथा आम जनता की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री का रिसाली की धरती पर पूरे उत्साह, अनुशासन और भव्यता के साथ स्वागत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर को ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने गजमाला और पुष्पहार पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह नियुक्ति दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। संगठन के प्रति समर्पण, सहजता और जमीनी स्तर पर सक्रियता के चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए सम्मान की बात है।
अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का रिसाली आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और एकजुटता के साथ जुटना होगा। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगे।
बैठक में रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, रिसाली मंडल प्रभारी शिवेन्द्र परिहार, मरोदा-पुरैना मंडल प्रभारी दिनेश देवांगन, जिला मंत्री शैलेन्द्र शेंडे, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, सांसद प्रतिनिधि दीपक चंद्राकर, महामंत्री दशरथ साहू, नरेन्द्र निर्मलकर, गुड्डु झा, पुनाराम कलिहारी सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी ने संगठनात्मक एकजुटता के साथ पूरी निष्ठा से दायित्व निभाने का संकल्प लिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.