ब्रेकिंग

मंत्री यादव हत्याकांड में चार आरोपियों को आजीवन कारावास, दुर्ग न्यायालय ने सुनाया फैसला

75119112026121109whatsappimage2026-11-19at5.39.30pm.jpeg

-गंजपारा नाका चौक के पास रास्ता रोककर की गई थी श्रीराम यादव की हत्या, पुलिस की प्रभावी विवेचना और पुख्ता साक्ष्यों से चारों आरोपी दोषसिद्ध
-अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम के तहत भी अतिरिक्त सजा
दुर्ग।
बहुचर्चित मंत्री यादव हत्याकांड में दुर्ग न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए चार आरोपियों को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने 18 नवंबर 2026 को सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में यह निर्णय पारित किया। दुर्ग पुलिस द्वारा की गई विस्तृत विवेचना, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप आरोपियों को सजा दिलाने में सफलता मिली।
प्रकरण के अनुसार 21 मई 2024 को रात्रि लगभग 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक, दुर्ग के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस दौरान धारदार हथियार एवं कड़े से हमला कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री तथा चिकित्सकीय एवं फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
-ये चार आरोपी हुए दोषसिद्ध
न्यायालय ने जिन चार आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है, उनमें अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, शिव मंदिर के पास, दुर्ग; शुभम शर्मा (25 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, बिजली ऑफिस के पास, दुर्ग; वंश राजपूत (19 वर्ष), निवासी गयानगर, मां चंडिका अस्पताल के पास, दुर्ग तथा अमिताभ उर्फ चंदू (19 वर्ष), निवासी हरि नगर, मुस्कान पैलेस के पास, दुर्ग शामिल हैं।
-हत्या और षड्यंत्र में आजीवन कारावास
न्यायालय ने चारों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 एवं धारा 120बी के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक माह का साधारण कारावास एवं अर्थदंड भी लगाया गया है। आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत क्रमशः दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास से भी दंडित किया गया है।
-पुलिस और अभियोजन की प्रभावी पैरवी
इस प्रकरण की विवेचना में निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव एवं थाना दुर्ग की विवेचना टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के संकलन तथा वैज्ञानिक परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत किए। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। पुलिस एवं अभियोजन के समन्वित प्रयास से इस हत्याकांड में चारों आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा दिलाई जा सकी।
-दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

ताज़ा समाचार

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.