होम / दुर्ग-भिलाई / ग्राम आलबरस को ₹36.60 लाख के विकास कार्यों की सौगात, विधायक ललित चंद्राकर ने किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण
दुर्ग-भिलाई
-गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: ललित चंद्राकर
-कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से मिलेगी आदान सहायता राशि, 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
.jpeg)
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलबरस में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने ग्रामीणों को 36.60 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
इन विकास कार्यों में कुर्मी भवन में शेड निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 13.60 लाख रुपये, ओपन जिम निर्माण के लिए 6 लाख रुपये तथा डोम शेड निर्माण के लिए 9 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुल 36.60 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों से गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि गांवों की खुशहाली, किसानों की समृद्धि और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना राज्य सरकार का प्रमुख संकल्प है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब गांव मजबूत हों, किसानों को बेहतर संसाधन मिलें, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिलें।
-कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता
विधायक चंद्राकर ने किसानों के हित में जानकारी देते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसानों को धान की निर्धारित पूरी मात्रा का विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रतानुसार सहायता राशि का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना और कृषि क्षेत्र में समृद्धि लाना सरकार की प्राथमिकता है।
-15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
विधायक ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन्हें मिलाकर लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य अन्नदाताओं के जीवन में खुशहाली लाना है। धान खरीदी की पूरी तैयारी के साथ किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
-धान खरीदी केंद्र पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
विकास कार्यों के कार्यक्रम के बाद विधायक ललित चंद्राकर ने धान खरीदी केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की जानकारी ली तथा समिति प्रबंधक और सोसायटी अध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा, व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही।
विधायक ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को सरकार पूरा कर रही है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये तथा कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ तक की आदान सहायता इसके प्रमाण हैं। डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में अंडा-निकुम मंडल अध्यक्ष लिकेश्वर देशमुख, ग्राम आलबरस के सरपंच सैनिक भुवनलाल देशमुख, मंडल महामंत्री पुराण देशमुख एवं गब्बर साहू, जनपद सभापति लोमस चंद्राकर, सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, बूथ अध्यक्ष अशोक हरमुख, परस साहू, पंचगण एमंत देशमुख, श्रीमती रेणुका देशमुख, मुकुंद देशमुख, दिलीप चंदेल, दुर्गेश्वरी देशमुख, श्रीमती श्वेता हरमुख, अलखराम यादव, सोमनाथ देशमुख, योगेश्वर प्रसाद देशमुख, श्रीमती रमसिला निषाद, पुरानीक लाल चेलक, संतोष कुमार सोनवानी, सचिव श्रीमती सरस्वती टंडन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.