-स्वदेशी रथ यात्रा : आत्मनिर्भर भारत से सशक्त व्यापारी की ओर एक निर्णायक पहल
-कैट एवं स्वावलंबी भारत अभियान के प्रतिनिधि मंडल ने जनप्रतिनिधियों को सौंपा निमंत्रण
दुर्ग। कैट(कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 20 दिसम्बर को दुर्ग में आयोजित होने वाली स्वदेशी रथ यात्रा एवं उसके समापन समारोह को लेकर तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। यह यात्रा स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय व्यापार सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
इसी क्रम में कैट एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव, वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें स्वदेशी रथ यात्रा एवं समापन कार्यक्रम में सहभागी बनने हेतु औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
कैट दुर्ग इकाई अध्यक्ष प्रकाश सांखला ने इस अवसर पर कहा कि “स्वदेशी रथ यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापारी समाज और आम जनता को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ने का जन-आंदोलन है। आज जब वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज़ है, तब स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर ही स्थानीय व्यापार को मजबूत किया जा सकता है।”
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से व्यापारियों को स्वदेशी उत्पादों की पहचान, स्थानीय ब्रांड को बढ़ावा, तथा ग्राहकों से सीधा जुड़ाव का अवसर मिलेगा, जिससे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की आय और स्थिरता दोनों बढ़ेंगी।
स्वावलंबी भारत अभियान छत्तीसगढ़ प्रांत के सह-समन्वयक संजय चौबे ने कहा कि “स्वदेशी रथ यात्रा का मूल उद्देश्य यह संदेश देना है कि जब देश का नागरिक स्वदेशी उत्पाद खरीदेगा, तभी देश का उद्योग, व्यापार और रोजगार आगे बढ़ेगा। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच स्वदेशी को लेकर जागरूकता आएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान से स्थानीय कुटीर उद्योग एवं ग्रामोद्योग को नया बाज़ार मिलेगा, युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता के अवसर प्राप्त होंगे,बाहरी निर्भरता कम होकर स्थानीय पूंजी का प्रवाह बढ़ेगा जिसका सीधा लाभ व्यापारी समाज को मिलेगा।
प्रतिनिधि मंडल ने जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया कि स्वदेशी रथ यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुज़रेगी, जहाँ आम जनता, व्यापारी एवं युवा वर्ग से संवाद कर “स्वदेशी अपनाओ – देश को मजबूत बनाओ” का संदेश दिया जाएगा। समापन कार्यक्रम में स्वदेशी, व्यापार नीति, उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर भारत से जुड़े विषयों पर प्रेरक विचार साझा किए जाएंगे।
इस प्रतिनिधि मंडल में कैट दुर्ग इकाई अध्यक्ष प्रकाश सांखला, स्वावलंबी भारत अभियान छत्तीसगढ़ प्रांत के सह-समन्वयक संजय चौबे, कैट चेयरमैन पवन बडजात्या, युवा इकाई अध्यक्ष रवि केवलतानी, स्वावलंबी भारत अभियान दुर्ग जिला समन्वयक गीतेश साव, प्रकाश गोलछा, दुर्ग जिला महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती पायल जैन, हरीश श्री श्रीमाल, मोहम्मद अली हिरानी, प्रिंस कबरवाल
सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी पदाधिकारियों ने व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों, महिला उद्यमियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे 20 दिसम्बर को दुर्ग में आयोजित स्वदेशी रथ यात्रा एवं समापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और स्वदेशी आंदोलन को जन-आंदोलन का रूप दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.