-ब्याज पर पैसा कमाने के लालच में रची चोरी की साजिश, पति और परिचित सहित तीन गिरफ्तार, करीब 10 लाख की संपत्ति बरामद
दुर्ग। पाटन के दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी के मामले का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए पड़ोस में रहने वाली महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली महिला प्रार्थिया के घर नियमित रूप से आती-जाती थी और उसे घर की व्यवस्था तथा जेवरात रखने के स्थान की पूरी जानकारी थी। महिला ने अपने परिचित के कहने पर ब्याज में पैसा कमाने के लालच में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे तथा ज्वेलर्स दुकान से चोरी के जेवरात, नगदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को कल्याणी देवांगन (46 वर्ष), निवासी मकान नंबर 82, दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी, बिजली ऑफिस के पीछे पाटन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ है। पेटी में रखे उनके, उनकी बहन और माता के पुराने सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी रकम गायब हैं। रिपोर्ट पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 379/2026, धारा 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थिया एवं परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। संदेह के आधार पर प्रार्थिया के घर नियमित रूप से आने-जाने वाली पड़ोसी ज्योतिका सिंह से पूछताछ की गई। पूछताछ में ज्योतिका ने अपने परिचित लव कुमार साहू के कहने पर ब्याज में पैसा कमाने के उद्देश्य से घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि ज्योतिका ने चोरी किए गए कुछ जेवरात ज्वेलर्स दुकान में बेचकर नगदी प्राप्त की थी। इसके बाद चोरी की रकम और जेवरात अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया तथा परिचित लव कुमार साहू को दिए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद की।
-तीनों आरोपियों से लाखों की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपी ज्योतिका सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान निवासी दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी पाटन से एक्टिवा वाहन, वनप्लस मोबाइल, सोने के झुमके, ईयरिंग, गेहूं दाना, लॉकेट, गोला दाना, टॉप्स और 13 हजार रुपये नगद सहित कुल 2 लाख 95 हजार 600 रुपये की संपत्ति बरामद की।
वहीं उसके पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25 वर्ष) से मोटरसाइकिल, रेडमी मोबाइल, चांदी की चेन और 6 हजार रुपये नगद सहित 89 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
तीसरे आरोपी लव कुमार साहू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, दाउबाड़ा, नंदिनी, अहिवारा से सोने के टॉप्स, वनप्लस मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, दो चांदी के लॉकेट और 7 हजार रुपये नगद सहित 67 हजार 260 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
-ACCU और पाटन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चोरी की इस वारदात का खुलासा ACCU एवं थाना पाटन की संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपिया को प्रार्थिया के घर नियमित आने-जाने के कारण घर की व्यवस्था और जेवरात रखे जाने की जगह की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में ACCU टीम एवं थाना पाटन के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें। घर में आने-जाने वाले व्यक्तियों के प्रति सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि चोरी की संपत्ति खरीदने-बेचने अथवा अपराधियों को संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.