-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्यशाला में परामर्शदाताओं की भूमिका पर हुआ मंथन

दुर्ग। पारिवारिक विवादों का समाधान केवल कानूनी प्रक्रिया से ही नहीं, बल्कि आपसी संवाद, समझ और उचित परामर्श से भी संभव है। समय रहते काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों के बीच उत्पन्न गलतफहमियों और तनाव को दूर किया जा सकता है। यह बात कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशाला में कही।
20 नवंबर को नवीन कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन दुर्ग में 'परामर्श से समाधान' विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निराकरण में परामर्शदाताओं की भूमिका और परिवार परामर्श केंद्रों के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार कुजूर, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुमन एक्का, सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी कामिनी जायसवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों के निराकरण में काउंसलिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा न्यायिक व्यवस्था, जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। इस दौरान परामर्शदाताओं के अनुभव, कार्यप्रणाली और व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मुंशी प्रेमचंद की कहानी का उदाहरण देते हुए पारिवारिक संबंधों में संवाद और आपसी समझ के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी गलतफहमियां और परिस्थितियां परिवारों में तनाव का कारण बन जाती हैं। ऐसे में समय पर उचित परामर्श मिलने से विवादों को बढ़ने से रोका जा सकता है। काउंसलिंग का उद्देश्य केवल विवाद समाप्त करना नहीं, बल्कि परिवारों के बीच विश्वास और संबंधों को बनाए रखने में सहयोग करना भी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पारिवारिक विवादों के निराकरण में पुलिस की संवेदनशील एवं उत्तरदायी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से संबंधित पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संवाद और आपसी सहमति के आधार पर समाधान तलाशने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने परामर्शदाताओं से ऐसे मामलों में धैर्य, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार कुजूर ने अपने समापन उद्बोधन में न्यायिक व्यवस्था और परामर्श केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रभावी परामर्श प्रक्रिया और संबंधित संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से विवादों के निराकरण में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुमन एक्का ने पारिवारिक विवादों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उचित मार्गदर्शन और आपसी समझ के माध्यम से समाधान की आवश्यकता बताई। वहीं सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी कामिनी जायसवाल ने कार्यशाला के उद्देश्य और विषय की जानकारी देते हुए परामर्शदाताओं की जिम्मेदारियों तथा प्रभावी काउंसलिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के परामर्शदाता ने दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली, परामर्श प्रक्रिया और पारिवारिक विवादों के प्रारंभिक स्तर पर निराकरण के प्रयासों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुनने, संवाद स्थापित करने और आपसी सहमति से समाधान तलाशने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला एवं सत्र न्यायालय तथा कुटुंब न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीशगण, कुटुंब न्यायालय के काउंसलर्स, दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से परामर्शदाताओं की क्षमता बढ़ाने, संस्थागत समन्वय मजबूत करने तथा पारिवारिक विवादों में मानवीय एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया।
अंत में दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में जल्दबाजी में निर्णय लेने अथवा विवाद को बढ़ाने के बजाय आपसी संवाद और परामर्श का सहारा लें। आवश्यकता पड़ने पर परिवार परामर्श केंद्र की मदद लें, क्योंकि समय पर उचित मार्गदर्शन से अनेक पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.