-आबकारी कार्यालय में कूटरचित शासकीय दस्तावेज प्रस्तुत कर मोटरसाइकिल सुपुर्दगी में लेने का किया प्रयास, मोबाइल और फर्जी आदेश की प्रति जप्त
भिलाई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करने और उसके जरिए आबकारी विभाग से जप्त मोटरसाइकिल छुड़ाने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर के नाम से कूटरचित आदेश तैयार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जप्त की है। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को वापस प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश कार्यालय में प्रस्तुत किया।
आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत आदेश के परीक्षण एवं सत्यापन के दौरान दस्तावेज फर्जी और कूटरचित पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत थाना भिलाई भट्ठी में दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर उसे आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
1. जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
2. युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सउनि पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से अवश्य करें। AI या डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर फर्जी शासकीय दस्तावेज तैयार करना और उनका इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.