-30 अक्टूबर को भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध, दोपहर 12 से 2 बजे तक नो एंट्री में छूट भी नहीं मिलेगी
-बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव, चारपहिया व दोपहिया वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल निर्धारित

दुर्ग। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के 30 अक्टूबर 2026 को दुर्ग आगमन एवं प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। कार्यक्रम में संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई है, ताकि आम नागरिकों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो तथा यातायात सुचारु बना रहे।
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
-बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव में पार्किंग
कार्यक्रम में शामिल होने वाली सभी बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव में गेट नंबर 04 से 08 तक प्रवेश कर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
धमधा-अहिरवारा की ओर से आने वाली बसें धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक और पुलगांव चौक होते हुए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव पहुंचेंगी। यहां निर्धारित गेट से प्रवेश कर बसों को पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा।
-चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग रूट
पाटन एवं भिलाई की ओर से आने वाले वाहन: जेल तिराहा, महाराजा चौक और पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क, पुलगांव में पार्किंग करेंगे।
-बालोद एवं अंडा की ओर से आने वाले वाहन: अंडा, चंदखुरी और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में वाहन खड़े करेंगे।
धमधा-अहिरवारा की ओर से आने वाले छोटे वाहन: धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, पटेल चौक और गंजपारा तिराहा होते हुए पुलगांव नाला के पहले स्थित नवकार परिसर में पार्किंग करेंगे।
राजनांदगांव एवं अंजोरा की ओर से आने वाले वाहन: अंजोरा बाईपास, अंजोरा और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग करेंगे।
रायपुर एवं वैशाली नगर की ओर से आने वाले वाहन: कुम्हारी, पावर हाउस, गुरुद्वारा तिराहा, मालवीय नगर चौक, जेल तिराहा और महाराजा चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में वाहन खड़े करेंगे।
-वीवीआईपी वाहनों के लिए महेश कॉलोनी में व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग महेश कॉलोनी में निर्धारित की गई है। कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक वीवीआईपी रूट तय किया गया है। इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के भारी वाहन खड़े करने के साथ ही दुकानें और ठेले लगाने पर प्रतिबंध रहेगा।
-भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
यातायात पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर के निर्धारित मार्गों पर भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित मार्गों में गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा-महमारा रोड शामिल हैं।
विशेष रूप से, सामान्य दिनों में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नो एंट्री में मिलने वाली छूट भी 30 अक्टूबर को लागू नहीं रहेगी। ऐसे में मालवाहक वाहन चालकों को अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है।
-यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा है कि निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने से अनावश्यक जाम तथा आवागमन में होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.