-विधायक ललित चंद्राकर करेंगे स्पर्धा का शुभारंभ
-छत्तीसगढ़ के 19 जिलों के लगभग 300 खिलाड़ियों के बीच होगा दिमागी कौशल का मुकाबला
भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ व खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं अग्रसेन जन कल्याण समिति व अग्रसेन महिला कल्याण समिति के सहयोग से जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ स्टेट रेपिड एवं ब्लिट्ज फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का भव्य आयोजन भिलाई के सेक्टर 6 स्थित अग्रसेन भवन में किया गया है।
उक्त राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व की इस महत्वपूर्ण चैम्पियनशिप का भव्य शुभारंभ शनिवार 31 अक्टूबर को प्रातः 9.30 बजे दुर्ग ग्रामीण विधायक, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास एवं अन्य पिछड़ा वर्ग ललित चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रसेन जन कल्याण समिति भिलाई के महासचिव अनिल अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग के प्रसिद्ध समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा की उपस्थिति में किया जाएगा।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत, सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया एवं महासचिव विनोद राठी के मार्गदर्शन में आयोजित चैम्पियनशिप को फीडे द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्रदान किए जाने से इस स्पर्धा का महत्व और भी बढ़ जाता है। रेटिंग स्पर्धा होने के कारण प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी रेटिंग सुधारने एवं बढ़ाने तथा नए खिलाड़ियों को रेटिंग प्राप्त करने का अवसर इस स्पर्धा के माध्यम से प्राप्त होगा ।
इस चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के कुल 19 जिलों के लगभग 300 शतरंज प्रतिभागी अपने दिमागी हुनर का प्रदर्शन करेंगे। रेपिड एवं ब्लिट्ज में दो दो खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय रेपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।
रेपिड एवं ब्लिट्ज चैम्पियनशिप में कुल साढ़े 92 हजार रुपए नगद राशि के पुरस्कार के अलावा विजेताओं को ट्रॉफी, मोमेंटो एवं भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा रेपिड में अंडर 7, 9, 11, 13 एवं 15 में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी स्पेशल प्राइज के तहत नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। इस चैम्पियनशिप के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन, सहायक निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा,धीरज चावरे, विक्रम सिंह राजपूत होंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.