-गांधीजी की प्रेरणा से स्वतंत्रता आंदोलन में कूदे, पांच वर्ष तक रहे जेल में; भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना से लेकर शिक्षा के विकास में निभाई अहम भूमिका
दुर्ग। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले स्व. दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार की जयंती के अवसर पर 27 नवंबर को उनके संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा में दिए गए योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि दाऊ जी का त्याग, सादगी, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रति समर्पण आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
स्व. दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार का जन्म 27 नवंबर 1897 को ग्राम पिरीद में स्व. बलराम सिंह के घर हुआ था। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने वर्ष 1921 में स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया। वर्ष 1930 के नमक सत्याग्रह एवं जंगल सत्याग्रह में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1935 में कांग्रेस सेवा दल से जुड़े। वर्ष 1939 में त्रिपुरी (जबलपुर) कांग्रेस अधिवेशन में शामिल हुए, जहां उनका जुड़ाव महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और पट्टाभि सीतारमैया जैसे राष्ट्रीय नेताओं के विचारों एवं आंदोलनों से हुआ।
स्वतंत्रता संग्राम में उनकी सक्रियता के चलते अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें गिरफ्तार किया। वर्ष 1940 में पाटन क्षेत्र में सत्याग्रहियों को तैयार करने के बाद 12 मई 1941 को गांधी चौक, दुर्ग में आयोजित सभा से अंग्रेजों ने उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 1941 से 1945 तक उन्होंने नागपुर, दमोह और जबलपुर की जेलों में समय बिताया। इस दौरान उन्हें संत विनोबा भावे और मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे महान व्यक्तित्वों के साथ जेल में रहने का अवसर मिला।
-जनप्रतिनिधि के रूप में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार ने जनप्रतिनिधि और संगठनकर्ता के रूप में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। वर्ष 1937 में वे दुर्ग जिला लोकल बोर्ड के चेयरमैन तथा प्रांतीय कांग्रेस के सदस्य चुने गए। वर्ष 1955 से 1962 तक दुर्ग जनपद सभा के प्रथम अध्यक्ष रहे। इस दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना के लिए स्थल चयन एवं निरीक्षण की प्रक्रिया में उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू और पंडित रविशंकर शुक्ल के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 15 अगस्त 1957 को भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्घाटन समारोह में भी वे पंडित नेहरू के साथ उपस्थित रहे।
वर्ष 1961 में वे अविभाजित दुर्ग जिले की कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 1962 से 1967 तक दुर्ग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विधायक रहे। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार को विशेष प्राथमिकता मिली। अनेक प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूलों की स्थापना हुई। उनके प्रयासों और सहयोग से वर्ष 1967 में विशाल भूखंड पर साइंस कॉलेज दुर्ग का भवन तैयार हुआ।
-सामाजिक समरसता और कौमी एकता के थे प्रबल समर्थक
दाऊ ढाल सिंह दिल्लीवार छुआछूत के कट्टर विरोधी तथा सामाजिक समरसता एवं कौमी एकता के प्रबल पक्षधर थे। वे जाति और धर्म से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की सहायता करते थे। उनकी पहल पर दुर्ग के पुराने बस स्टैंड स्थित मजार में उर्स के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर की कव्वाली की शुरुआत हुई, जिसकी परंपरा आज भी जारी है। वे वर्ष 1966 से अपने जीवन के अंतिम समय तक केंद्रीय दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष रहे।
10 अगस्त 1969 को उनका निधन हुआ, लेकिन स्वतंत्रता संग्राम, शिक्षा, सामाजिक एकता और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान की छाप आज भी कायम है। जयंती के अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज में एकता, भाईचारे और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.