-बाल विवाह मुक्ति रथ रवाना, 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान शुरू
-बाल प्रहरियों ने साझा किए अनुभव, बाल विवाह रोकने में साहस दिखाने वाले बच्चों का सम्मान
रायपुर। बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सपनों पर असर डालने वाली गंभीर चुनौती है। बच्चों को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपनी राह चुनने का अवसर देना परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़-जन-संवाद’ कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और 100 दिवसीय जन-जागरण अभियान का शुभारंभ किया।
-बच्चों के अधिकारों पर हुआ संवाद
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों और इस प्रयास में समाज की भूमिका पर चर्चा हुई।
बच्चों के साथ विशेष जन-संवाद में बाल प्रहरियों ने बाल विवाह रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों और अपने अनुभवों को साझा किया। बाल विवाह रोकने में साहसिक भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की सामूहिक शपथ भी दिलाई।
-गांव-गांव तक पहुंचेंगी जागरूकता गतिविधियां
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुआ ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश को बाल विवाह से मुक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 मार्च 2024 को ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ शुरू किया गया था। गांव-गांव में जागरूकता गतिविधियों के साथ पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और समुदाय के सहयोग से बाल विवाह रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया गया है। सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतें भी बाल विवाह मुक्त घोषित की गई हैं। सूचना मिलने पर प्रदेश में 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बच्चों की सहायता और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहल बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर दे रही हैं। बाल विवाह की सूचना मिलने पर उसे गंभीरता से लेना और रोकथाम में सहयोग करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य सामूहिक संकल्प और लगातार प्रयासों से हासिल किया जा सकता है।
-अतिथियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार ने छत्तीसगढ़ में बाल विवाह की स्थिति और रोकथाम के प्रयासों की जानकारी दी। राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह रोकथाम के कार्यों पर ओम प्रकाश पाल ने विचार रखे। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक धनंजय टिंगल ने भी संबोधित किया। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन में आयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
विधायक पुरंदर मिश्रा और श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.