होम / दुर्ग-भिलाई / कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 6 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से कराते थे उपलब्ध; 5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन, लाखों रुपये के लेन-देन का खुलासा
दुर्ग। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला, पदमनाभपुर, मोहन नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन और अलग-अलग खातों में हस्तांतरण के लिए किया जा रहा था।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण करने पर इस नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि आरोपियों ने अपने बैंक खाते और उनसे संबंधित दस्तावेज 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन अथवा आर्थिक लाभ के बदले अन्य लोगों को सौंपे थे। इन खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी लाखों रुपये से अधिक की राशि का लेन-देन किया गया।
पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1322/2026, थाना पदमनाभपुर के अपराध क्रमांक 566/2026 तथा थाना मोहन नगर के अपराध क्रमांक 639/2026 में कुल छह खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
-तीन थाना क्षेत्रों से छह खाताधारक पकड़े गए
पुलिस के अनुसार थाना सुपेला क्षेत्र से तीन आरोपियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इनमें आशीष कुमार साहू (38 वर्ष), निवासी इस्पात नगर रिसाली, नीतेश मसीह (36 वर्ष), निवासी पदुमनगर सामुदायिक क्वार्टर के पास चरोदा तथा धरम राज तिवारी (51 वर्ष), निवासी मॉडल टाउन सुपेला शामिल हैं।
इसी तरह थाना पदमनाभपुर के मामले में अमित मिश्रा (32 वर्ष), निवासी जवाहर नगर तथा गिरजा सिन्हा (23 वर्ष), निवासी शक्तिनगर को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। वहीं थाना मोहन नगर के मामले में रविन्द्र कुमार दिवान (42 वर्ष), निवासी ग्राम कादुल, जिला बालोद के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
-एजेंटों के जरिए उपलब्ध कराते थे बैंकिंग दस्तावेज
जांच में आरोपियों का अपराध करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी आर्थिक लाभ और कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते तथा उनसे संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने, अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने और लेन-देन के जरिए छिपाने में किया जाता था। इस पूरी प्रक्रिया में खाताधारक कमीशन प्राप्त करते थे, जबकि साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंकिंग माध्यम मिल जाता था।
-बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों से संबंधित बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1322/2026 के तहत धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस, थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 566/2026 के तहत धारा 317(2), 319(2), 61 बीएनएस तथा थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 639/2026 के तहत धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
-दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन अथवा सिम कार्ड इस्तेमाल के लिए न दें। ऐसा करने पर संबंधित बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी में पाए जाने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को अपने बैंक खाते या बैंकिंग दस्तावेजों के दुरुपयोग की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना दें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.