होम / दुर्ग-भिलाई / छठ पर्व से पहले तालाबों की सफाई में जुटीं महापौर अलका बाघमार, रेवा तालाब में स्वयं फावड़ा चलाकर किया श्रमदान
दुर्ग-भिलाई
-चार प्रमुख तालाबों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को युद्धस्तर पर सफाई और नियमित रखरखाव के दिए निर्देश
दुर्ग। छठ पर्व के मद्देनजर शहर के तालाबों एवं घाटों की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने महापौर अलका बाघमार ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। विशेष स्वच्छता अभियान के तहत महापौर ने जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहर के चार प्रमुख तालाबों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेवा तालाब, शक्तिनगर तालाब, पुजारी तालाब एवं कातुलबोर्ड तालाब पहुंचकर सफाई कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेवा तालाब में निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने श्रमदान करते हुए स्वयं फावड़ा उठाया और तालाब से जलकुंभी एवं कचरा निकालने के कार्य में हिस्सा लिया। उनके साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर एवं पार्षद मनोज सोनी ने भी फावड़ा चलाकर सफाई अभियान में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों को स्वयं सफाई कार्य में जुटा देखकर निगम अमले का उत्साह भी बढ़ा।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व को देखते हुए शहर के सभी तालाबों एवं घाटों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए। तालाबों में जमी जलकुंभी, कचरे एवं गंदगी को प्राथमिकता से हटाने के साथ घाटों के आसपास विशेष सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन, पूजा-अर्चना एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि छठ पर्व आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। शहर के सभी तालाबों एवं घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल निगम अमले तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने तालाबों की सफाई को केवल विशेष पर्वों तक सीमित न रखते हुए नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक तालाब की महीने में कम से कम एक बार अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए, ताकि जलस्रोतों की स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण एवं सफाई अभियान के दौरान पार्षद रंजीता पाटिल, सुरुचि उमरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, करण करोसिया सहित नगर निगम की टीम एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.