-मरोदा टैंक, नेवई डेम और मां कल्याणी शीतला मंदिर तालाब पहुंचकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर
दुर्ग। सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने छठ पर्व के मद्देनजर मां कल्याणी शीतला मंदिर तालाब, मरोदा टैंक एवं नेवई डेम का निरीक्षण कर घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, पार्किंग, आवागमन के मार्ग तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से घाटों पर पानी की गुणवत्ता की जांच, गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, गोताखोरों एवं पुलिस बल की तैनाती तथा महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था, घाटों की नियमित सफाई और कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। विधायक ललित चंद्राकर ने समस्त छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान भास्कर की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और आरोग्य का संचार हो।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.