-बारिश और तेज हवाओं के बीच निगम की सतर्कता, गिरे पेड़ों को हटाकर आवागमन किया सुचारु
दुर्ग। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव और शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग प्रशासन अलर्ट मोड पर है। निगम आयुक्त लीना कोसम ने आज शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, आवागमन और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता एवं उद्यान प्रभारी अनिल सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रातभर चली तेज हवाओं और बारिश के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने शहर की सड़कों पर पेड़ गिरने की आशंका, सफाई व्यवस्था तथा नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिन से जारी बारिश और तेज हवाओं के बावजूद शहर में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, कुछ स्थानों पर पुराने पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया गया। इससे आवागमन सुचारु बनाए रखने में मदद मिली।
-अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
आयुक्त लीना कोसम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने और शहर की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण सड़कों पर पेड़, डालियां या अन्य अवरोध गिरने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सफाई व्यवस्था को निरंतर दुरुस्त रखने के साथ ही जलभराव की संभावित स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखें तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
-नागरिकों की सुरक्षा निगम की प्राथमिकता
आयुक्त लीना कोसम ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाएं।
निगम प्रशासन ने बारिश और तेज हवाओं के मद्देनजर शहर की सफाई, सड़कों से अवरोध हटाने तथा संभावित जलभराव जैसी समस्याओं पर निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया है, ताकि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो और शहर की व्यवस्थाएं सामान्य बनी रहें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.