-गोकुल नगर, मां कर्मा हाईट्स और सरस्वती नगर में मिलेंगे आवास, पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित
-दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी प्राथमिकता, शेष आवासों का आवंटन लॉटरी से होगा
दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत संचालित मोर मकान–मोर आस योजना के तहत दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। योजना के अंतर्गत गोकुल नगर पुलगांव, मां कर्मा हाईट्स बोरसी और सरस्वती नगर स्थित कुल 743 आवासों के आवंटन के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना से किराये के मकानों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपने स्वयं के घर का सपना साकार करने का अवसर मिलेगा।
नगर निगम क्षेत्र की तीन आवासीय परियोजनाओं में कुल 743 आवास उपलब्ध हैं। इनमें 178 भूतल के आवास तथा 565 आवास अन्य मंजिलों पर स्थित हैं। शासन द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तों और नियमों के अनुसार आवासों का आवंटन किया जाएगा। योजना में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी। भूतल के आवास प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किए जाएंगे, जबकि शेष आवासों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
-तीन आवासीय परियोजनाओं में उपलब्ध हैं 743 आवास
योजना के तहत गोकुल नगर पुलगांव में कुल 299 आवास उपलब्ध हैं। इनमें 103 भूतल के और 196 अन्य मंजिलों के आवास शामिल हैं। इसी तरह मां कर्मा हाईट्स बोरसी में कुल 42 आवास हैं, जिनमें 12 भूतल के तथा 30 अन्य मंजिलों के हैं।
वहीं, सरस्वती नगर में सर्वाधिक 402 आवास उपलब्ध हैं। इनमें 63 भूतल के और 339 अन्य मंजिलों के आवास शामिल हैं। इस प्रकार तीनों परियोजनाओं को मिलाकर 178 भूतल के तथा 565 अन्य मंजिलों के आवासों का आवंटन किया जाएगा।
-नगर निगम के डेटा सेंटर से मिलेंगे आवेदन पत्र
योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र हितग्राही निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर नगर निगम के डेटा सेंटर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा करना होगा। आवेदन करते समय हितग्राहियों को योजना की पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
नगर निगम प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित शाखा से विस्तृत जानकारी प्राप्त करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपना आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.