-महापौर अलका बाघमार ने वार्ड क्रमांक 59 में दो सड़क निर्माण कार्यों की रखी आधारशिला, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर के पटरी पार क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 59 में महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कुल 18.62 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय सड़कों की स्थिति में सुधार होगा।
भूमिपूजन के तहत राधा-कृष्ण चौक से हेरिटेज रोड तक 8.64 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, हरि नगर में मंदीप सिंह के घर से गुलशन के घर होते हुए राधा-कृष्ण चौक तक 9.98 लाख रुपये की लागत से दूसरी सीसी सड़क बनाई जाएगी। दोनों निर्माण कार्यों पर कुल 18.62 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पटरी पार क्षेत्र सहित शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना तथा वार्डों की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
भूमिपूजन के दौरान महापौर ने वार्डवासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं के संबंध में चर्चा भी की। सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति और भूमिपूजन पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार, सावित्री दमाहे, शिवेंद्र परिहार, अरुण सिंह, पटरी पार मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, जयश्री राजपूत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.