-मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत दुर्ग नगर संभाग के लिए ₹4.25 करोड़ स्वीकृत, दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में ₹1.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति

दुर्ग। दुर्ग शहर के विभिन्न वार्डों और नई विकसित हो रही बस्तियों एवं कॉलोनियों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। दुर्ग नगर संभाग में विद्युत विस्तार कार्यों के लिए ₹4.25 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹1.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक नए विद्युत पोल लगाने के साथ 10 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही आवश्यकता के अनुसार विद्युत लाइन विस्तार और पोल शिफ्टिंग के कार्य भी किए जाएंगे।
शहर के नागरिकों, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार नई बस्तियों और कॉलोनियों में बिजली के पोल एवं लाइन विस्तार की मांग की जा रही थी। कई क्षेत्रों में आबादी बढ़ने के बावजूद विद्युत अधोसंरचना के विस्तार की आवश्यकता बनी हुई थी। नागरिकों की इन समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय इंजीनियरों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के सभी जोन के कार्यपालन अभियंताओं को नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार विद्युत पोल, लाइट और अन्य सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। दुर्ग जिला मुख्यालय होने के कारण शहर में जिलेभर से लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों एवं बस्तियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुचारु विद्युत आपूर्ति नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
-10 नए ट्रांसफार्मर से विद्युत लोड की समस्या होगी दूर
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 10 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में विद्युत लोड की समस्या कम करने और बिजली व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, नई विकसित कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार होने से रहवासियों को लंबे समय से हो रही परेशानियों से राहत मिलेगी।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर के आउटर क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है। हमारा प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और नागरिकों को बेहतर विद्युत व्यवस्था का लाभ मिले।
-इसके पहले 1,374 विद्युत पोल
दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंत्री गजेन्द्र यादव पूर्व में भी विद्युत पोल की स्वीकृति कराये हैं। उन्होंने अपनी विधायक निधि नगर निगम को प्रदान की थी, जिससे विद्युत पोलों पर लाइट लगाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त उरला क्षेत्र की नई कॉलोनियों में बीते वर्ष 67 विद्युत पोल तथा मार्च माह में 702 विद्युत पोल और 10 ट्रांसफार्मर लगाने के कार्यों की स्वीकृति दी गई थी।
शहर में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्ग शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.