दुर्ग। अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने मंगलवार 6 अक्टूबर को तड़के सुबह 4 बजे से 8 बजे तक तीनों पुलिस अनुभागों में एक साथ व्यापक विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान फरार आरोपियों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, वारंटियों तथा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक करते हुए उनके संभावित ठिकानों और निवास स्थानों की जांच की गई। तलाशी के दौरान विभिन्न स्थानों से धारदार हथियार एवं अवैध शराब बरामद होने पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान में दुर्ग अनुभाग के 67, भिलाई नगर अनुभाग के 63 तथा छावनी अनुभाग के 55 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों सहित कुल 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे। पुलिस टीमों ने सुबह-सुबह चिन्हित एवं संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर एक साथ पहुंचकर उनकी पहचान, निवास एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया।
-विभिन्न क्षेत्रों में हुई सघन चेकिंग
दुर्ग अनुभाग के अंतर्गत उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर एवं ग्रीन चौक क्षेत्र में विशेष तलाशी एवं चेकिंग की गई। वहीं भिलाई नगर अनुभाग में फरीद नगर, डेरा बस्ती, सुपेला सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं निवासरत लोगों की तस्दीक की गई।
छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत देवार बस्ती एवं अटल आवास में पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर निवासरत व्यक्तियों की जानकारी एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान कुछ स्थानों से धारदार हथियार एवं शराब बरामद कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
-बाहरी क्षेत्रों से आकर रहने वालों की भी जांच
अभियान के दौरान अन्य क्षेत्रों से आकर थाना क्षेत्रों में निवास कर रहे संदिग्ध एवं अनधिकृत व्यक्तियों की जानकारी भी संकलित की गई। पुलिस ने उनके निवास, पहचान एवं उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन किया। संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों तथा ऐसे व्यक्तियों के घरों की भी तलाशी ली गई, जहां अवैध शराब, हथियार अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री रखे जाने की आशंका थी।
-मोहन नगर में बिना नंबर की KTM मिली
मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक संदिग्ध बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा वाहन के संबंध में आवश्यक सत्यापन एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के आधार पर राहुल गाडा को उक्त वाहन के संबंध में आरोपी घोषित नहीं किया गया है।
-अचानक और समन्वित चेकिंग से अपराधियों पर नजर
दुर्ग पुलिस के अनुसार इस विशेष अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना, फरार आरोपियों और वारंटियों की तस्दीक करना तथा अवैध हथियार, शराब एवं अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस टीमों ने पूर्व से चिन्हित व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर अचानक और समन्वित रूप से पहुंचकर जांच की।
-आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने मकान मालिकों एवं नागरिकों से अपने यहां निवासरत व्यक्तियों की आवश्यक जानकारी एवं पहचान का सत्यापन करने तथा अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ इस प्रकार की विशेष चेकिंग एवं तलाशी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.