होम / दुर्ग-भिलाई / सेवा ही संकल्प : रुआबांधा स्कूल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
दुर्ग-भिलाई
-शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक हुए शामिल

दुर्ग/रुआबांधा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुआबांधा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला का अवलोकन किया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत, स्वच्छता, संस्कृति सहित विभिन्न विषयों को चित्रों में अभिव्यक्त किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और सृजनशीलता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और कौशल विकास पर भी निरंतर कार्य कर रही है।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रुआबांधा विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा देखकर प्रसन्नता हुई। छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत, स्वच्छता और संस्कृति का सुंदर चित्रण किया है। यह दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा का प्रमाण है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। जब वे छोटी उम्र से ही सेवा और संस्कार से जुड़ेंगे, तभी विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में उनकी प्रभावी भूमिका होगी।
कार्यक्रम में मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला राजपूत, कमलेश फेकर, पार्षद सारिका साहू, सविता धवज, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शकुंतला दास, प्रदेश कन्या संयोजिका संस्कृति वर्मा, कौशल यादव, महामंत्री दशरथ साहू, प्रवीण यदु, स्कूल शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह, प्राचार्य दीप्ती गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.