-विधायक ललित चंद्राकर ने यमुना और उषा देशमुख को दी बधाई, पढ़ाई के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम थनौद की दो होनहार सगी बहनों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली कु. यमुना देशमुख एवं कु. उषा देशमुख का देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में चयन हुआ है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से परिवार सहित गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके पिता जगमोहन देशमुख एवं माता श्रीमती मालती देशमुख सहित पूरे परिवार को क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने अपने निवास कार्यालय में दोनों होनहार बेटियों एवं उनके माता-पिता से सौजन्य मुलाकात की।
विधायक चंद्राकर ने दोनों बहनों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने दोनों बेटियों को पढ़ाई के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की और आगे भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि थनौद की ये बेटियां दुर्ग ग्रामीण की शान हैं। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर NIT जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था तक पहुंचना यह साबित करता है कि हमारी बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन की है। उन्होंने कहा कि यमुना और उषा की सफलता आज पूरे दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर शिक्षक अशोक दिल्लीवार, श्रीमती अंजू दिल्लीवार सहित देशमुख परिवार के सदस्यगण उपस्थित रहे। दोनों बहनों की उपलब्धि को लेकर उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.