दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों से करोड़ों रुपये की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने शिकायत मिलने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए थे, जिसमें से 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए गए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को प्रेम सागर चौक, वार्ड क्रमांक 06 बैगापारा निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56 वर्ष) ने सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रकाश सिन्हा (32 वर्ष) ने स्वयं की शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और उसमें राशि निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाकर प्रार्थी सहित परिवार के 10 सदस्यों को निवेश के लिए प्रेरित किया।
आरोपी के कहने पर 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए गए। आरोपी ने इनमें से 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये परिवार के सदस्यों के खातों में वापस कर दिए, लेकिन शेष 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही तथा प्रकरण से जुड़े साक्ष्यों के संकलन के दौरान उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में वित्तीय लेन-देन सहित अन्य साक्ष्यों का संकलन जारी है।
-इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा मिलने का विश्वास दिलाकर परिवार के सदस्यों को निवेश के लिए तैयार किया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों से अपने खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई। निवेशकों का विश्वास बनाए रखने के लिए कुछ राशि वापस की गई, लेकिन शेष रकम वापस नहीं की गई।
-पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश अथवा किसी भी वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की जांच करें। अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन किसी व्यक्ति या संस्था के खाते में राशि ट्रांसफर न करें। संदिग्ध वित्तीय लेन-देन अथवा धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.