होम / बड़ी ख़बरें / राष्ट्रीय खेल दिवस पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में ताइक्वांडो एवं योग प्रदर्शन
बड़ी ख़बरें
-खेल रैली के साथ विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ, अनुशासित और विजयी जीवन का संदेश
-प्रिंसिपल इलेवन VS स्टूडेंट इलेवन मैच में शिक्षक रहे विजेता
.jpeg)
दुर्ग। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में विविध खेल गतिविधियों का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक स्वास्थ्य तथा टीम भावना को विकसित करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने योग एवं ताइक्वांडो का प्रभावशाली प्रदर्शन करने के साथ खेल रैली के माध्यम से खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के महान खिलाड़ी एवं 'हॉकी के जादूगर' मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय हॉकी कोच सैयद तनवीर अकील ने मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने समर्पण, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अद्भुत खेल प्रतिभा के बल पर भारत को विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा बड़ा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण साधन हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं।
खेल दिवस के आयोजन में विशेष रूप से राष्ट्रीय कोच सैयद तनवीर अकील, प्राचार्य पुष्पा बड़ा, मुख्याध्यापक कमल नारायण सोनी उपस्थित रहे। मुख्य सूत्रधार सुरेश कुमार खेल शिक्षक रहे।
इस अवसर पर आराध्य उपाध्याय ने खेल शपथ का वाचन कराया। विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी तथा खेल के नियमों का पालन करने की शपथ ली। वासु उमरे एवं सस्मित ने खेलों के महत्व और राष्ट्रीय खेल दिवस की प्रासंगिकता पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग एवं ताइक्वांडो प्रदर्शन रहा। श्रद्धा मैडम के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं एवं आसनों का सामूहिक प्रदर्शन कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया। वहीं रुक्मणी मैडम के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों एवं आत्मरक्षा कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और तालमेल ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में खेल रैली का भी आयोजन किया गया। वरिष्ठ शिक्षक एमके बोरकर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय आर्य ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, 'हौसले की उड़ान हो, आंखों में अरमान हो, हर खिलाड़ी के दिल में जीत का तूफान हो।' उन्होंने कहा कि खेल का वास्तविक अर्थ केवल जीत और हार नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, अनुशासन, आत्मविश्वास और अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने की यात्रा है। खेल हमें हार से सीखना और जीत को विनम्रता से स्वीकार करना सिखाते हैं।
विद्यालय के खेल शिक्षक सुरेश कुमार ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समस्त सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्रद्धा, रुक्मणी, भूमिका, गायत्री, प्रणव सोनी, अवितेश, शिल्पा, ज्योति जायसवाल, मोनिका, मीणा, खत्री, अल्तमश, श्रीकेंद्र सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की भावना को जागृत करने वाला रहा।
क्रिकेट मैच में शिक्षकों ने दिखाया हुनर शिक्षकों के 107 रन के टारगेट में विद्यार्थी 82 रन ही बना पाए कमल नारायण सोनी आशुतोष सिंह, डॉ अजय आर्य, राजेश चंद्राकर, विकास यादव, एमके बोरकर, सुरेश कुमार अल्तमश, डीके यादव रेखेंद्र सिंह आदि शिक्षकों ने इस अवसर पर आयोजित क्रिकेट मैच में विद्यार्थियों के साथ भाग लिया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.