दुर्ग। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय जेल परिसर दुर्ग में बंदियों से मिलने और उन्हें राखी बांधने पहुंचे लगभग 4,000 परिजनों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ दुर्ग पुलिस ने व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीम ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने परिजनों को फर्जी कॉल एवं संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी के जरिए होने वाली ठगी तथा डिजिटल माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील डिजिटल जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने उपस्थित लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया। साथ ही परिजनों को स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचे परिजनों के बीच चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान में शामिल परिजनों ने साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी को उपयोगी बताया और अन्य लोगों तक भी जागरूकता पहुंचाने की बात कही।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, उप निरीक्षक संकल्प राय, साइबर टीम, थाना प्रभारी पद्मनाभपुर प्रमोद रुसिया, उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, प्रभारी अंजोरा सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.