दुर्ग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में दो दिनों के भीतर दो स्कूल वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। दोनों मामलों में संबंधित स्कूल बस एवं वैन को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय भेजा गया है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार प्रतिदिन सुबह 6 बजे से स्कूल बस एवं वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 10 जुलाई को निरीक्षक जे.आर. कुर्रे एवं उनकी टीम ने जांच के दौरान कुम्हारी स्थित श्री स्कूल के बस चालक को 180 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर अल्कोहल की मात्रा के साथ स्कूल बस चलाते हुए पकड़ा। वहीं सोमवार 13 जुलाई को श्री राम स्कूल की वैन के चालक को 70 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर अल्कोहल की मात्रा के साथ वाहन चलाते हुए पाया गया। अभियान के दौरान एक अन्य स्कूल वाहन चालक भी नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
यातायात पुलिस ने सभी संबंधित वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है। संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
यातायात पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों एवं प्रबंधनों से अपील की है कि वे स्कूल वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं ब्रीथ एनालाइजर जांच कराएं तथा किसी भी स्थिति में नशे की हालत में चालक को बच्चों के परिवहन की जिम्मेदारी न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.