भारी बरसात से बस्तर संभाग के कई भागों में बिगड़े हालात, अनेक गांवों का संपर्क टूटा, 20 से ज्यादा मकान गिरे

भारी बरसात से बस्तर संभाग के कई भागों में बिगड़े हालात, अनेक गांवों का संपर्क टूटा, 20 से ज्यादा मकान गिरे
RO.NO. 12945/82

RO.NO. 12945/82

RO.NO. 12945/82

-संभाग के सुकमा जिले में कई नदियां उफान पर 

-शबरी, चकाबुका नदी उफान पर, पुलों पर पानी 

-राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर आवागमन हुआ बाधित 

जगदलपुर-रायपुर।  पिछले चौबीस घंटे से बस्तर संभाग के बड़े भाग में जमकर बरसात हो रही है। बरसात का सर्वाधिक बुरा प्रभाव संभाग के सुकमा जिले में देखने को मिला है, जहां कई गांवों का संपर्क जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों से कट गया है। नेशनल हाईवे -30 समेत कई प्रमुख मार्गों के पुल पुलियों के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है। इस वजह से यात्री बसें एवं अन्य वाहन जगह जगह फंसे हुए हैं। दो दर्जन से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए हैं। वहीं नारायणपुर एवं कांकेर जिलों में भी बीती रात से लगातार झमाझम बारिश हो रही है।  बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से बस्तर संभाग में फिर से तेज बारिश का दौर लौट आया है। संभाग के सुकमा जिले में सर्वाधिक बरसात दर्ज की गई है। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

कई नदियां उफान पर ....

सुकमा जिले की शबरी व चकाबुका नदियां उफान पर हैं। कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और विकासखंड मुख्यालयों से टूट गया है। चितलनार गांव में दो दर्जन से ज्यादा कच्चे मकानों के ढह जाने की खबर है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग 30 कई जगह से बाधित हो गया है। दर्जनों यात्री बस, ट्रक, कार, पिकअप समेत कई वाहन फंस गए हैं। हालांकि सोमवार सुबह से बारिश थम गई है, लेकिन हालात अब भी बदतर नजर आ रहे हैं। एक दिन पहले रविवार को छिंदगढ़ ब्लाक के चिंतलनार गांव को चकाबुका नदी में आई बाढ़ ने टापू में तब्दील कर दिया। नदी में आई भारी बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया। दर्जनों परिवारों ने गांव के पंचायत भवन में शरण ले रखी है। हालांकि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी रात में ही वहां पहुंच गए थे, लेकिन रात गहरा जाने और तेज बहाव के कारण फंसे ग्रामीणों का रेस्क्यू नहीं किया जा सका। 

सुकमा में जल भराव....

वही सोमवार सुबह से ही जिला मुख्यालय सुकमा में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। सुकमा के राम मंदिर मस्तान पारा, पावरास, गीदम नाला, शबरी नगर के कई हिस्सों में पानी घुस गया है। जिला भाजपा कार्यलय में भी पानी घुस गया है। वही शबरी वार्ड में भी कई घरों में पानी घुस गया है। नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीम लगातार वार्डों का निरीक्षण कर रही है। 

राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित....

लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पूरी तरह बाधित हो गया है। सुकमा जिला मुख्यालय के पास स्थित गीदम नाला में सड़क पर पानी आ गया। कई यात्री बस व वाहन फंस गए हैं। वही दुबाटोटा के पास भी नदी का पानी सड़क पर आ गया है जिससे आवागमन बाधित हो गया। जिले की जीवनदायिनी शबरी नदी उफान पर है। रविवार देर शाम से झापरा पुल के ऊपर से नदी का पानी बहने लगा। झापरा पुल के ऊपर करीब 8 फ़ीट पानी बह रहा है जिसके कारण दो दर्जन पंचायतों समेत ओडि़सा से संपर्क टूट गया है। यही हाल कोकराल स्थित पुल का भी है, जहां नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है पुलिस ने एतिहात बरतते हुए आवागमन बंद करा दिया है। सोमवार सुबह से बारिश थम गई है, लेकिन हालात सुधर नहीं पाए हैं। जिले में हो रही भारी बरसात के कारण कलेक्टर हरिस एस. ने 9 सितंबर को जिले के सभी शासकीय अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलो का अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन मुस्तैद...

बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन, मुस्तैद है। कंट्रोल नम्बर जारी किए गए है, हमारी टीमें राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जहां जैसी मदद की जरूरत पड़ रही है वहां मदद पहुंचाई जा रही है। 
- हरीश एस,
कलेक्टर, सुकमा

सांसद कश्यप ने ली सुध..

बस्तर संभाग में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त होने और लोगों के बुरी तरह प्रभावित होने को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप भी संजीदगी के साथ काम कर रहे हैं। सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्रवासियों की  सुध लेते हुए वीडियो कॉल के माध्यम से क्षेत्रवासियों से संवाद किया। सांसद श्री कश्यप ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावितों तक आवश्यक सामग्री व सुविधाएं पहुंचाने के लिए निर्देशित किया है। चिंतलनार व अन्य प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत परिवारजनों से आज विडियो कॉल के माध्यम से बस्तर सांसद महेश कश्यप ने संवाद कर स्थिति की जानकारी ली और उनका हालचाल पूछा। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि पीडि़तों की सेवा ही हमारी प्राथमिकता है। हम अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेंगे।

बीजापुर में बिगड़े हालात... 

बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। भोपालपटन से हैदराबाद मार्ग बंद हो गया है। तारलागुड़ा रोड बंद है।रामपुरम के पास बेक वाटर रोड पर चढऩे से नेशनल हाइवे 163 बंद हो चुका है।वारंगल, हैदराबाद जाने वाली गाडिय़ा दोनों तरफ फंसी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स तैनात कर दी गई है। बीजापुर जिले के चेरपाल, बासागुड़ा, तोयनार, कुटरू की सड़कों व पुल पर पानी भरने से आवागमन बंद है। अभी तक जनहानि की सूचना नहीं मिली है। उधर कांकेर जिले में भी बीती रात से तेज बारिश का दौर जारी है। संबलपुर, भानुप्रतापपुर समेत कई गांवों में झमाझम बारिश हो रही है।. नारायणपुर जिले में भी तेज बरसात होने की खबर है।