होम / दुर्ग-भिलाई / सोलर पैनल लगाने के नाम पर 34 लाख की धोखाधड़ी, मुंबई से दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने का दिया था झांसा, दुर्ग पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में किया पेश
दुर्ग। सोलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत उन्हें मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने स्वयं को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई का प्रतिनिधि बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव के माध्यम से प्रार्थी की फर्म को व्यावसायिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया गया।
आरोपियों के झांसे में आकर प्रार्थी ने अपने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई तथा कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से कंपनी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में कुल 34 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान साइबर सेल एवं संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों तथा प्रार्थी के कथनों के आधार पर आयुष उपाध्याय और विवेक मिश्रा की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी मुंबई के थाना बांगुर नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 880/2026, धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के मामले में पहले से गिरफ्तार होकर सेंट्रल जेल मुंबई में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध थे।
इसके बाद चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने दोनों की रिमांड प्राप्त कर ली है। उनसे पूछताछ कर धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
-ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आयुष उपाध्याय (49 वर्ष), निवासी रहमतुल्ला तबेला, राम लखन पान शॉप के पास, पारसीवाड़ी, घाटकोपर पश्चिम, मुंबई तथा विवेक मिश्रा (27 वर्ष), निवासी कब्रिस्तान के पास, श्रीराम घर चाल, नाका सुपाड़ा पूर्व, पालघर, महाराष्ट्र शामिल हैं।
-व्यापारिक लाभ का लालच देकर बनाया शिकार
आरोपियों ने सोलर पैनल की बाजार कीमत से कम दर पर आपूर्ति और इंस्टॉलेशन का प्रस्ताव देकर प्रार्थी की फर्म को व्यावसायिक लाभ का लालच दिया। कंपनी का प्रतिनिधि बनकर विश्वास हासिल किया और ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 34 लाख रुपये अपने संबंधित कंपनी खाते में जमा करा लिए। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस धोखाधड़ी में अन्य लोग अथवा बैंक खाते भी शामिल हैं या नहीं।
-पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर के उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक क्रमांक 134 जितेन्द्र कुशवाह एवं आरक्षक क्रमांक 1185 राजकुमार चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने दूसरे राज्य में जाकर स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को दुर्ग लाने में सफलता हासिल की।
-दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी कंपनी या व्यक्ति के साथ ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन करने से पहले उसकी वैधता, पंजीयन, कार्यालय और बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने के प्रस्तावों से सतर्क रहें तथा बिना समुचित सत्यापन के किसी अनजान व्यक्ति या कंपनी के खाते में बड़ी रकम हस्तांतरित न करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.