होम / दुर्ग-भिलाई / दोपहिया वाहनों पर सख्ती,पर बेकाबू ई-रिक्शा पर प्रशासन मौन क्यों? : डॉ. प्रतीक उमरे
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने कलेक्टर अभिजीत सिंह से दुर्ग रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित रूप से खड़े ई-रिक्शा के कारण हो रही दुर्घटनाओं और जाम की समस्या पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि दुर्ग रेलवे स्टेशन के सामने सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े ई-रिक्शा के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।इससे रेल यात्रियों के साथ-साथ आम राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण स्टेशन के सामने की मुख्य सड़क एक अघोषित स्टैंड में तब्दील हो गई है।स्टेशन परिसर के बाहर और भीतर अव्यवस्था को लेकर रेलवे के स्थानीय अधिकारी और संबंधित विभाग सब कुछ जानते हुए भी मूकदर्शक बने हुए हैं।
-नाबालिग और बिना लाइसेंस चालक बढ़ा रहे खतरा
डॉ. प्रतीक उमरे ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में संचालित कई ई-रिक्शा नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे हैं,जिनके पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही यातायात नियमों की कोई जानकारी।नियम-कायदों को ताक पर रखकर तेज रफ्तार से ई-रिक्शा चलाने वाले ये चालक सड़क पर चल रहे लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
-दोपहिया वाहनों पर सख्ती, ई-रिक्शा पर प्रशासन मौन क्यों?
यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि शहर में दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है,जहां बिना हेलमेट या तीन सवारी दिखते ही तत्काल चालानी कार्रवाई की जाती है।परंतु,नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ई-रिक्शा चालकों के मामले में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग आंखें मूंदे बैठा है।पुलिस की नजरों के सामने से गुजरने के बावजूद न तो इन पर कोई चालानी कार्रवाई होती है और न ही इन्हें यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जाता है।
डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जिला प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी या गंभीर दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।उन्होंने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन के सामने से अवैध ई-रिक्शा जमावड़ा तत्काल हटाया जाए,ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड व रूट तय किए जाएं तथा बिना लाइसेंस व नाबालिग चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.