होम / दुर्ग-भिलाई / सर्वोदय शांति वर्षावास 2026 उपलब्धियों से रहा परिपूर्ण, गुरुदेव का सुराणा सदन की ओर विहार
दुर्ग-भिलाई
-चार माह धर्म, ध्यान, तप, त्याग, सामूहिक आराधना एवं युवाओं के धार्मिक संकल्पों से हुए सार्थक; चातुर्मास के समापन पर श्रमण संघ ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार

दुर्ग। सर्वोदय शांति वर्षावास 2026 का आज अंतिम प्रवचन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। चार माह तक चले इस वर्षावास में धर्म, ध्यान, जप, तप, त्याग, सामूहिक आराधना एवं अनेक धार्मिक गतिविधियों ने दुर्ग जैन समाज में आध्यात्मिक चेतना का नया संचार किया। नेपाल केसरी मानव मिलन संस्थापक राष्ट्र संत पूज्य मणिभद्र मुनि जी महाराज के पावन सानिध्य एवं प्रेरणा से वर्षावास अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना।
चातुर्मास के समापन के पश्चात प्रातः 8:30 बजे राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि जी महाराज, पुनीत मुनि जी महाराज एवं साध्वी श्री लक्ष्मी जी महाराज अपने साध्वी समुदाय के साथ जय आनंद मधुकर रतन भवन, बांधा तालाब दुर्ग से सुराणा सदन गुरुद्वारा रोड में पदार्पण हुआ अपने संबोधन में डा मणिभद्र मुनि जी ने कहा बिदाई की बेला अब समाप्त हो गयी है अब हमें नई जगह नये उत्साह से आने वाले अवसर का स्वागत करना है।
इस वर्षावास के दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने दैनिक धार्मिक एवं सामाजिक संकल्पों का नियमित निर्वहन किया। विशेष रूप से श्रमण संघ के युवा संघ एवं श्रमण संघ स्वाध्याय मंडल के सदस्यों ने स्वयं प्रेरित होकर प्रतिदिन नवकार महामंत्र की पांच माला तथा प्रतिमाह पांच, ग्यारह, इक्कीस एवं इकतीस सामायिक करने का संकल्प लिया, जो युवा पीढ़ी में धर्म, अनुशासन एवं आध्यात्मिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
चार माह के दौरान धर्म-ध्यान, त्याग, तपस्या, जप, आयंबिल, नवकार महामंत्र साधना तथा भक्ताम्बर संपुष्ट एवं उत्तराध्ययन के अनुष्ठान निर्विघ्न रूप से चलते रहे। इन धार्मिक गतिविधियों की नियमितता एवं समाज की सहभागिता वर्षावास की प्रमुख उपलब्धियों में रही।
गुरुदेव मणिभद्र मुनि जी महाराज के पावन सानिध्य एवं प्रेरणा से ओसवाल जैन पंचायत दुर्ग द्वारा नगर में सामूहिक आयंबिल आराधना की शुरुआत हुई, जो वर्तमान में जय आनंद मधुकर रतन भवन, बांधा तालाब दुर्ग से सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। चातुर्मास समाप्त होने के बाद भी तपस्या की निरंतरता बनी हुई है। श्रीमती किरण देवी संचेती 120 उपवास एवं टिकम छाजेड़ 4 उपवास की तपस्या की ओर अग्रसर हैं, जिनकी तप साधना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
सर्वोदय शांति वर्षावास के चार माह में लाखों नवकार महामंत्रों से अभिमंत्रित नवकार कलश का लाभ जसराज जी, भागचंद जी एवं पीयूष जी पारख परिवार ने लिया, जो इस वर्षावास की एक महत्वपूर्ण धार्मिक उपलब्धि रही।
वर्षावास के दौरान बाहर से आने वाले अतिथियों के आवास एवं भोजन की सुंदर व्यवस्था निर्मल रतन बोहरा, अशोक रतन बोहरा एवं अक्षय सुराणा ने संभाली। वहीं साधु-साध्वियों की प्रतिदिन आहार व्यवस्था का सुचारु संचालन नितीन संचेती, संदीप बाफना, पंकज बेगानी, शुभम, सौरभ रतन बोहरा एवं पूजा दुग्गड़ ने समर्पित भाव से किया।
आगामी 29 नवम्बर को श्रमण संघ के दो भवनों, बांधा तालाब एवं ऋषभ नगर में भूमि पूजन का आयोजन होने जा रहा है। इन भवनों के निर्माण हेतु धर्मचंद जी लोढ़ा, राजमाता जमुना देवी बाफना परिवार एवं माता स्वरूप देवी नाहर परिवार ने भूमि दान देकर समाज के धार्मिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघ दुर्ग के अध्यक्ष धर्मचंद लोढ़ा, महामंत्री राकेश संचेती एवं समस्त पदाधिकारियों ने सर्वोदय शांति वर्षावास 2026 को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रावक-श्राविकाओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं, दानदाताओं एवं सेवाभावी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संघ की ओर से कृतज्ञता प्रकट की।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.