-जी-राम-जी योजना के अंतर्गत ₹12.87 लाख की लागत से स्वीकृत हुई निकासी नाली, ग्रामीणों को मिलेगा स्थायी समाधान
-कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दी प्रशासनिक स्वीकृति, पुरुषोत्तम निषाद के निवास से केशव ठाकुर के निवास तक निर्मित होगी नाली

दुर्ग। जिले में विगत 26 सितंबर को अतिवृष्टि एवं जलभराव से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लेने हेतु कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ग्राम भरदा स्थित राहत शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर में ठहरे प्रभावित परिवारों से प्रत्यक्ष संवाद कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सरपंच श्रीमती सुनीता भारदीय एवं ग्रामीण-किसानों द्वारा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए पक्की निकासी नाली निर्माण की मांग रखी गई। जनसमस्या की संवेदनशीलता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री श्री यादव ने मौके पर ही नाली निर्माण हेतु त्वरित आवश्यक निर्देश जारी किए। मंत्री जी के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने 28 सितंबर को ₹12.87 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि कुल ₹12.87 लाख की लागत से बनने वाली इस नाली निर्माण कार्य में ₹2.56 लाख मजदूरी मद एवं ₹10.31 लाख सामग्री मद हेतु आवंटित किए गए हैं। वीबी-जी रामजी ( विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन की गारंटी) योजना के तहत यह निकासी नाली पुरुषोत्तम निषाद के घर से केशव ठाकुर के घर तक निर्मित की जाएगी। इस स्थायी व्यवस्था के बनने से बारिश के दौरान मार्ग पर होने वाले जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को मुक्ति मिलेगी तथा आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
-गांव की जरूरत भी पूरी, ग्रामीणों को रोजगार भी
जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत विकास कार्यों को ग्रामीणों की स्थानीय मूलभूत आवश्यकताओं से जोड़कर निष्पादित किया जा रहा है। भरदा में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इससे जहाँ एक ओर जल निकासी की स्थायी अधोसंरचना विकसित होगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। योजना के प्रावधानों के अनुसार मांग करने वाले पात्र ग्रामीणों को 15 दिवस के भीतर ₹300 प्रतिदिन की निर्धारित मजदूरी दर पर कार्य उपलब्ध कराया जाएगा।
-सरपंच एवं ग्रामीणों ने जताया आभार
नाली निर्माण की त्वरित स्वीकृति एवं जलभराव से हुए फसल क्षति के तत्काल सर्वेक्षण के निर्देशों पर सरपंच श्रीमती सुनीता भारदीय एवं ग्रामवासियों ने कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा जिला पंचायत प्रशासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है। कलेक्टर श्री सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री दुबे के नेतृत्व में वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से रोजगार सृजन के साथ-साथ गांवों में जनउपयोगी परिसंपत्तियों का निरंतर निर्माण किया जा रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.