-किराये के मकानों में रहने वाले परिवारों को मिलेगा अपना घर, निगम ने जारी की सूचना
-दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता, आवास आवंटन लॉटरी के माध्यम से होगा
दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत संचालित "मोर मकान–मोर आस" योजना के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों के आवंटन हेतु पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य किराये के मकानों में निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर एवं आवासविहीन परिवारों को स्वयं का पक्का घर उपलब्ध कराना है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा गोकुल नगर पुलगांव, माँ कर्मा हाइट्स बोरसी तथा सरस्वती नगर परियोजना में कुल 743 रिक्त आवासों के आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पात्र हितग्राही निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर निगम के डेटा सेंटर, सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा से आवेदन पत्र प्राप्त कर जमा कर सकते हैं।
निगम प्रशासन के अनुसार योजना के तहत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन के नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। भूतल स्थित आवासों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जबकि अन्य आवासों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
परियोजनावार उपलब्ध आवासों में गोकुल नगर पुलगांव में 299 आवास शामिल हैं, जिनमें 103 भूतल एवं 196 अन्य आवास हैं। माँ कर्मा हाइट्स बोरसी में 42 आवास उपलब्ध हैं, जिनमें 12 भूतल एवं 30 अन्य आवास शामिल हैं। वहीं सरस्वती नगर परियोजना में 402 आवास उपलब्ध हैं, जिनमें 63 भूतल एवं 339 अन्य आवास शामिल हैं। इस प्रकार कुल 178 भूतल एवं 565 अन्य आवासों सहित 743 आवासों का आवंटन किया जाएगा।
निगम प्रशासन ने बताया कि आवेदकों को निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पात्र हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का लाभ उठाएं। आवास आवंटन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यालय, नगर निगम दुर्ग से प्राप्त की जा सकती है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.