होम / बड़ी ख़बरें / बीएसपी का भुगतान पोर्टल बंद, उपभोक्ताओं से सरचार्ज नहीं लेने की मांग
बड़ी ख़बरें
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग का ऑनलाइन भुगतान पोर्टल पिछले सात-आठ दिनों से बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को भुगतान करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स, भिलाई के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने नगर सेवा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्रीनिवास को पत्र भेजकर तकनीकी समस्या के कारण अगस्त माह का भुगतान नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं से सितंबर माह में बिना सरचार्ज भुगतान लेने की मांग की है।
जैन ने पत्र में कहा है कि भुगतान पोर्टल बंद होने की वजह से अनेक उपभोक्ता समय पर अपने बिजली एवं प्रॉपर्टी टैक्स सहित अन्य देयकों का भुगतान नहीं कर पाए हैं। ऐसी स्थिति में तकनीकी खराबी के लिए उपभोक्ताओं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए और उनके सितंबर माह के बिल में किसी प्रकार का विलंब शुल्क अथवा सरचार्ज नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने बीएसपी प्रबंधन से मांग की है कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन एवं मोबाइल आधारित भुगतान व्यवस्था को सुचारु किया जाए। साथ ही शिकायत दर्ज कराने, मीटर रीडिंग संबंधी जानकारी देने तथा अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय अधिकृत मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाए, ताकि उपभोक्ता अपनी शिकायतें समय पर दर्ज करा सकें।
ज्ञानचंद जैन ने कहा कि विद्युत नियामक आयोग द्वारा भी भिलाई इस्पात संयंत्र को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आवश्यक निर्देश लगातार दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद शिकायत एवं मीटर रीडिंग के लिए अधिकृत मोबाइल नंबर सार्वजनिक नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक श्रीनिवास से अपेक्षा की है कि वे इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को नगर सेवा विभाग से काफी उम्मीदें हैं और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होना चाहिए।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.